फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: अब सुंदर सब ब्रांच और जूई फीडर नहर में मिलेगा बचे हुए किसानों को भी सिंचाई के लिए पानी

विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। सुंदर सब ब्रांच के तहत आने वाले करीब 45 गांवों के किसानों के लिए राहत है। सिंचाई विभाग ने नहरी पानी से महरूम रहने वाले किसानों के लिए सुंदर सब ब्रांच में पानी की व्यवस्था कराई है। इसी के साथ जूई फीडर में भी पानी छोड़ा है। इससे बचे हुए किसानों को अपने खेतों की फसलों में सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। वहीं इन नहरों के अंतर्गत आने वाले गांवों में भी पेयजल जरूरतों के लिए जलघर के टैंकों और गांव के जोहड़ों को भरना संभव होगा। सिंचाई विभाग ने 27 दिसंबर की रात साढ़े आठ बजे से ही पानी चला दिया है।
विज्ञापन

सुंदर ग्रुप की नहरों में इस बार 16 दिसंबर से पानी का शेड्यूल निर्धारित किया गया था जो 24 दिसंबर तक चलना था, लेकिन बहुत कम पानी होने की वजह से सिर्फ चार दिन चलाने के बाद ही सुंदर सब ब्रांच नहर में पानी बंद करना पड़ा। इसी तरह चार दिन तक जूई फीडर में भी पानी बंद रखा गया ताकि दूसरी नहरों में पानी की आपूर्ति कराकर जलघर टैंक भरे जा सकें। ऐसे में सुंदर सब ब्रांच के तहत आने वाले करीब 45 गांवों के किसान जिनका नहरी पानी का शेड्यूल था, उन्हें पानी नहीं मिला।
नहरी पानी से वंचित किसानाें ने प्रदर्शन किया और उपायुक्त को भी मांग पत्र सौंपा। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने सिंचाई विभाग के उच्चाधिकारियों से भी बात की। इस बीच सिंचाई विभाग ने भी सुंदर सब ब्रांच और जूई नहर में तीन दिन अतिरिक्त पानी की व्यवस्था भी कराई थी जो 26 की रात तक चला था। बावजूद इसके किसानों के खेत सूखे ही रह गए थे। अब बचे हुए किसानों के लिए 27 दिसंबर की रात साढ़े आठ बजे से पानी छोड़ा गया है। जो तीन जनवरी तक निगाना फीडर के साथ चलने की उम्मीद है। सुंदर सब ब्रांच नहर में शुक्रवार को 146 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जबकि जूई में 303 क्यूसेक पानी चल रहा है। जिससे जलघर के टैंक और जोहड़ भी अब लबालब होंगे।
विज्ञापन


सुंदर ग्रुप की नहरों में 16 से 24 दिसंबर तक पानी का शेड्यूल था, लेकिन इस अवधि के दौरान बेहद कम पानी पहुंचा था, जिसकी वजह से नहरें तीन से चार दिन बंद रहीं। काफी किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिला था, ऐसे किसानों के लिए नहरी पानी की व्यवस्था कराने के लिए 26 दिसंबर की रात साढ़े आठ बजे से सुंदर सब ब्रांच और जूई फीडर नहर में अतिरिक्त पानी छोड़ा गया है। इससे जलघर के टैंक और गांव के जोहड़ों को भी पानी की आपूर्ति दी जाएगी। किसान भी अपने शेड्यूल के हिसाब से नहरी पानी का इस्तेमाल खेतों की सिंचाई के लिए कर सकेंगे।
विज्ञापन

-जितेंद्र मान, कार्यकारी अभियंता, भिवानी वाटर सर्विसेज भिवानी सिंचाई विभाग।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें