नागरिक अस्पताल में चिकित्सक कक्ष के बाहर खड़े मरीज।
भिवानी। मौसम में बदलाव के चलते जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में अब खांसी-जुकाम के मरीज बढ़ गए हैं। रोजाना ही मौसमी बीमारियों से संक्रमित करीब सवा सौ से अधिक मरीज आ रहे हैं। इससे ठीक होने में भी दस से 15 दिन का समय लग रहा है।
जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में रोजाना ही करीब साढ़े 1200 से अधिक मरीज आते हैं। लेकिन सवा सौ से अधिक मरीज ऐसे हैं जो सिर्फ खांसी और जुकाम से ही पीड़ित हैं। ये मरीज उपचार लेने के बावजूद इस स्थिति से उबरने में ही दस से 15 दिन ले रहे हैं।
चिकित्सकों का भी मानना है कि कोरोना संक्रमण के बाद अजीब तरह का जुकाम हो रहा है। जिन लोगों को कोरोना संक्रमण काल के दौरान बीमारियों ने जकड़ा था, ऐसे लोगों को भी उबरने में काफी वक्त लग रहा है। चिकित्सकों ने मौसम बदलाव के साथ लोगों को अपनी देखभाल की सलाह दी है।
उनका कहना है कि पूरी बाजू के कपड़ों का इस्तेमाल करने के साथ-साथ अचानक किसी भी ठंडी वस्तु के सेवन से बचें। शरीर की तासीर के अनुसार ही खान-पान में जरूरी बदलाव भी करें।