भिवानी। अब प्रदेश भर के 551 स्थायी मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में चिराग योजना से सरकारी स्कूलों में पढ़ाई कर रहे गरीब बच्चों के अंदर मुफ्त शिक्षा की लौ जलेगी। निजी स्कूलों ने चिराग योजना के तहत बच्चों के मुफ्त दाखिला के लिए कक्षा चौथी से 12वीं तक कक्षावार रिक्तियां दर्शाई है, जिसके बाद हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग ने दाखिला का शेड्यूल जारी कर दिया है। इस योजना में केवल सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को ही लाभ मिलेगा। जिनके निजी स्कूल में पढ़ाई की फीस सरकार द्वारा वहन की जाएगी। प्रदेशभर में जिला वार दर्शाए गए निजी विद्यालयों में दाखिला के लिए 31 मार्च तक पात्र विद्यार्थी के अभिभावक आवेदन कर पाएंगे।
हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग ने नए शिक्षा सत्र 2024-25 में विद्यार्थियों के दाखिला के लिए चिराग योजना में 551 निजी विद्यालयों की सूची जारी कर दी है। इन स्कूलों ने चिराग योजना में गरीब बच्चों के मुफ्त दाखिला के लिए खुद अनुमति जताई है। जिसके बाद ही इन्हें इस योजना में शामिल किया गया है। इन विद्यालयों में कक्षा चौथी से लेकर बारहवीं तक चिराग योजना में मुफ्त दाखिला होंगे। इसके लिए केवल वहीं विद्यार्थी पात्र होंगे, जिन्होंने पिछली कक्षा सरकारी विद्यालय से पास की है। एक लाख 80 हजार सालाना आय के सभी परिवार भी इस योजना में शामिल हैं। सरकारी स्कूलों के गरीब बच्चों को दाखिला देने में सबसे अधिक भिवानी के निजी स्कूल आगे आए हैं, जबकि फरीदाबाद के सिर्फ सात स्कूलों ने ही मुफ्त दाखिला के लिए कदम आगे बढ़ाए हैं। संवाद
अधिक आवेदन होने पर निकाला जाएगा लक्की ड्रॉ
चिराग योजना में दर्शाए गए निजी स्कूल में अगर एक ही कक्षा के अंदर निर्धारित सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं तो उस सूरत में एक से पांच अप्रैल तक लक्की ड्रॉ निकाला जाएगा। इसके बाद चयनित विद्यार्थियों के दाखिला होंगे। निजी स्कूलों को दस अप्रैल तक दाखिला प्रक्रिया भी पूरी कर इसकी सूचना भी विद्यालय के सूचना पट्ट पर लगानी अनिवार्य होगी। इसके बाद 15 अप्रैल तक शिक्षा विभाग के पोर्टल पर भी बच्चों का दाखिला का डॉटा दर्शाना अनिवार्य होगा।
मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में चिराग योजना के तहत गरीब बच्चों के चौथी से 12वीं तक मुफ्त दाखिला होंगे। इसके लिए 31 मार्च तक पात्र बच्चों के दाखिला आवेदन खंडवार ऑनलाइन किए जाएंगे। निजी विद्यालय को फार्म-6 में दर्शाया गया शुल्क के हिसाब से सरकार द्वारा सीधा स्कूलों को ही इन बच्चों की फीस का भुगतान किया जाएगा।
-नरेश महता जिला शिक्षा अधिकारी भिवानी।
ये है चिराग के तहत दाखिला देने वाले जिला वार निजी स्कूलों की संख्या
जिले का नाम- संख्या
1. अंबाला- 27
2. भिवानी- 56
3. चरखी दादरी- 19
4. फतेहाबाद- 31
5. गुरुग्राम- 10
6. हिसार- 45
7. झज्जर- 23
8. जींद- 48
9. कैथल- 31
10. करनाल- 30
11. कुरुक्षेत्र- 42
12. महेंद्रगढ़- 09
13. नूंह मेवात- 14
14. पलवल- 13
15. पंचकूला- 07
16. पानीपत- 29
17. रेवाड़ी- 11
18. रोहतक- 12
19. सिरसा- 43
20. सोनीपत- 35
21. यमुनानगर- 12
22. फरीदाबाद- 04
कुल- 551