भिवानी। चिकित्सकों की कमी झेल रहे नागरिक अस्पताल में अब खुद प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. एडविन कमान संभालेंगे। वे नेत्र रोग विशेषज्ञ है, जोकि नागरिक अस्पताल की ओपीडी और ऑपरेशन थियेटर में रोजाना अपनी सेवाएं देंगे। इससे पहले वे किशन लाल जालान नेत्र रोग अस्पताल में अपनी सेवाएं दे चुके। नागरिक अस्पताल की ओपीडी में ईसीजी कक्ष के साथ लगते कमरे में मरम्मत कार्य चल रहा है, जिसे नेत्र रोग विशेषज्ञ की ओपीडी बनाया जाएगा। इस ओपीडी में सोमवार से सुबह 10 बजे से दोपहर तक प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. एडविन अपनी सेवाएं देंगी। ओपीडी के साथ ही वे मरीजों के ऑपरेशन भी करेंगे। उनके अलावा अस्पताल में डॉ. अमीता और डॉ. हरजीत सिंह नेत्र विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
---------
रोजाना आ रहे 150 से अधिक मरीज
नागरिक अस्पताल की ओपीडी में नेत्र रोग विशेषज्ञ से जांच करवाने रोजाना औसतन 150 से 170 मरीज आते हैं। इनमें से अधिकतर मरीजों में नजर कमजोर, आंखों में लालिमा, बार-बार आंखों से पानी आना, जलन की दिक्कत रही है। जिन मरीजों की आंखें कमजोर है उनके लैंस बदलने सहित अन्य तकलीफ होने पर उनके ऑपरेशन भी किए जाते हैं। अस्पताल में औसतन आंखों के पांच से छह ऑपरेशन हो रहे हैं। वहीं इन दिनों बढ़े प्रदूषण के कारण आंखों में जलन और एलर्जी के 30 से 40 मामले आ रहे हैं।
----------
सोमवार से नेत्र रोग से संबंधित मरीजों की जांच के लिए ओपीडी में सेवाएं देने की व्यवस्था कर रहे हैं। ओपीडी के साथ ऑपरेशन थियेटर में भी सेवाएं देंगे। मरीजों की सेवा करना ही चिकित्सक का परम कर्तव्य है, इसलिए कार्यालय के कार्य के साथ मरीजों का उपचार भी करेंगे।
- डॉ. एडविन, प्रधान चिकित्सा अधिकारी।