भिवानी। अब शहर के छह चौराहे 40 लाख के बजट से जल्द चकाचक होंगे। इनका सुंदरीकरण किया जाएगा। वहीं 20 करोड़ के 80 मसौदों पर भी अब शहर में व्यापक स्तर पर विकास का काम होगा। इसके लिए नगर परिषद ने 80 नए मसौदों के टेंडर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इतना ही नहीं शहर के 13 और 23 सेक्टर की खस्ताहाल सड़कों के अलावा सेक्टर मोड़ से महम रोड के विद्यानगर कॉलोनी तक करीब एक किलोमीटर सड़क करीब पौने दो करोड़ के बजट से जल्द चकाचक होगी। नगर परिषद दूसरे चरण में शहर में करीब 100 गलियों के निर्माण के एजेंड़े को भी अब सिरे चढ़ाएगा।
भिवानी शहर के छह चौराहों का सुंदरीकरण के साथ उनका जीर्णोद्धार का काम किया जाएगा। इसमें मुख्य तौर पर शहर के रोहतक गेट के महाराजा अग्रसेन चौक, महम गेट के भगवान परशुराम चौक, घंटाघर के समीप शहीद मदनलाल धींगड़ा पार्क चौक, बापोड़ा चौक के शहीद माथन सिंह चौक, देवनगर कॉलोनी के महीर भोज चौक शामिल हैं। इन चौराहों के करीब 40 लाख रुपये नगर परिषद ने जीर्णोद्धार के एस्टीमेट तैयार किए हैं। इनमें इन चौराहों पर सुंदीकरण के साथ-साथ मरम्मत का काम भी शामिल है। शहीदों और महापुरुषों के नाम से बने इन चौराहों पर अब नगर परिषद खास तौर पर बजट खर्च कर इनकी भव्यता को और अधिक बढ़ाएगा। इससे की इन चौराहों से शहर की सुंदरता भी बढ़ेगी।
विकास के 80 मसौदों पर नगर परिषद जल्द कराएगी टेंडर
नगर परिषद ने शहर के अंदर 20 करोड़ के बजट से 80 विकास मसौदों को तैयार किया है। इनके जल्द टेंडर प्रक्रिया को शुरू कराया जाएगा। इनमें ज्यादातर मसौदे गली निर्माण के रहेंगे। इसके अलावा इनमें शहर के पार्कों के अंदर करीब एक करोड़ के बजट से ओपन जिम स्थापित करने, बच्चों के लिए झूले लगाए जाने के काम शामिल हैं। इसके लिए 50-50 लाख के दो टेंडर कराए जाएंगे। नगर परिषद की हद में आने वाली ग्रीन बेल्ट में भी बच्चों के झूले स्थापित होंगे। इनसे बदहाल ग्रीन बेल्ट की हालत भी सुधरेगी। 80 विकास मसौदों के टेंडर दो से तीन चरण में पूरे होंगे। इसके लिए नगर परिषद ने इनके बजट मंजूरी के बाद अलग-अलग टेंडर भी लगाए जाएंगे।
अब पौने दो करोड़ से सेक्टर मोड़ से विद्यानगर तक एक किलोमीटर मार्ग होगा चकाचक
नगर परिषद की हद में आने वाले शहर के हांसी रोड से सेक्टर 13 मोड़ से लेकर बीपीएस स्कूल के सामने होते हुए भगत सिंह चौक और विद्यानगर की तरफ जाने वाले करीब एक किलोमीटर मार्ग को भी पौने दो करोड़ से चकाचक किया जाएगा। इस मार्ग का जीर्णोद्धार का काम कराया जाएगा। इसी तरह सेक्टर 13 के दूर संचार कॉलोनी और आंबेडकर पार्क के सामने के मार्ग का भी जल्द निर्माण किया जाएगा। वहीं सेक्टर 23 की खस्ताहाल सड़कें भी जल्द दुरुस्त कराई जाएंगी। इन कार्याें के भी टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
नगर परिषद के 70 विकास मसौदों पर पहले से चल रहे विकास के काम
नगर परिषद की हद में आने वाले इलाकों में करीब 70 विकास मसौदों पर पहले से ही काम कराए जा रहे हैं। इन विकास कार्यों में गलियों के निर्माण के अलावा पार्कों के मरम्मत के काम भी शामिल हैं। इसी तरह वार्डों के अंदर भी विकास काम पहले से ही चल रहे हैं, जिन्हें भी जल्द पूरा कराया जाएगा।
नगर परिषद ने शहर के अंदर करीब 80 विकास मसौदों को तैयार किया है। इनकी टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हमारा प्रयास रहेगा कि मार्च के अंतिम सप्ताह या फिर अप्रैल के शुरुआती सप्ताह में विकास कार्याें के वर्क ऑर्डर अलॉट कर काम शुरू करा दिया जाएगा। शहर के छह चौराहों का जीर्णोद्धार का काम होगा। वहीं सेक्टर 13 मोड़ से विद्या नगर कॉलोनी की मुख्य सड़क का निर्माण भी कराया जाएगा। इसी के साथ सेक्टर की सड़कों के निर्माण के जल्द टेंडर कराए जाएंगे।
-भवानी प्रताप सिंह चेयर पर्सन प्रतिनिधि नगर परिषद भिवानी।