विजय नगर स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करतीं काग्रेंस विधायक किरण चौधरी। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। एसवाईएल को लेकर हरियाणा व पंजाब के बीच सियासी घमासान छिड़ गया है। कांग्रेस की दिग्गज नेत्री किरण चौधरी ने तो यहां तक कह दिया है कि एसवाईएल का पानी अब कोई नहीं ला सकता। किरण ने कहा कि पानी डंडे के जोर पर आता है। अब तो केवल महंगाई, भ्रष्टाचार व बेरोजगारी से ध्यान भटकाने को कभी एसवाईएल, कभी चंडीगढ़ तो कभी राम मंदिर का मुद्दा उठाया जा रहा है।
तोशाम से कांग्रेस विधायक किरण चौधरी शनिवार को भिवानी में पत्रकार वार्ता के दौरान हरियाणा सरकार पर एक के बाद एक कई आरोप लगाए। सबसे पहले उन्होंने एसवाईएल को लेकर कहा कि यह सरकार जनता को मूर्ख समझती है। जो अन्य मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए एसवाईएल का मुद्दा ठंडे बस्ते से निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने पर कभी ध्यान नहीं दिया। किरण ने कहा कि अब कोई भी एसवाईएल का पानी नहीं ला सकता। किरण ने कहा कि अब तो केवल हरियाणा में जो पानी है, उसका सही बंटवारा होना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भिवानी के हिस्से का पानी काटा जा रहा है, जब वह मंत्री थी तो डंडा लेकर बैठती थीं। तब भिवानी का पानी काटने की किसी की मजाल नहीं थी। अब जनता के नुमाइंदे ध्यान नहीं दे रहे। वहीं भिवानी नगर परिषद में हुए करोड़ों के घोटाले व आरोपी निवर्तमान चेयरमैन की बड़े नेताओं को लाखों रुपये देकर कुर्सी पाने की वायरल ऑडियो पर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी व उनकी संपत्ति जब्त कर पैसे की रिकवरी करने की मांग की।