भिवानी। अब 88 करोड़ के बजट से गांव चांग में महाग्राम योजना के तहत नई सीवर और पानी की लाइन डाली जाएगी। जिसके बाद ग्रामीणों को शहरी तर्ज पर मूलभूत सुविधाएं मिलना शुरू हो जाएंगी। गांव के पुराना जलघर को अपग्रेड कर उसकी क्षमता दोगुनी होगी वहीं दो पानी के नए टैंकों का निर्माण भी कराया जाएगा। इतना ही नहीं पूरे गांव से गंदे पानी की निकासी के लिए एक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और दो वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) के अलावा गंदे पानी की निकासी के लिए दो पंपिंग स्टेशन भी बनेंगे।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने महाग्राम योजना के तहत रफ कोस्ट के एस्टीमेट को मंजूरी दिला दी है, जबकि अब इस परियोजना की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसकी डीएनआईटी मंजूर होते ही दिसंबर तक काम शुरू होने की उम्मीद है। गांव चांग में लगभग 50 करोड़ की लागत से पेयजल लाइन व करीब 38 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज सिस्टम डाला जाएगा।
वर्ष 2023 में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 10 हजार से ज्यादा आबादी वाले गांव को महाग्राम बनाने की योजना शुरू की थी। गांव चांग की आबादी करीब 25 हजार है। अप्रैल 2024 में गांव चांग की महता घनश्याम धर्मशाला में आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने गांव चांग को महाग्राम योजना में शामिल करने की घोषणा की थी।
महाग्राम योजना के तहत गांव चांग में बने जलघर की क्षमता भी लगभग दोगुनी होगी। क्योंकि पहले प्रति व्यक्ति 70 लीटर पानी प्रतिदिन के हिसाब से मुहैया कराया जा रहा था, लेकिन अब 155 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन के हिसाब से पीने का पानी मुहैया कराया जाएगा। गांव चांग में फिलहाल गांव में पेयजल सप्लाई के लिए दो बूस्टिंग स्टेशन बनाए हुए हैं। महाग्राम योजना के तहत मुख्य जलघर में दो नए पानी के टैंकों का निर्माण होगा। संवाद
गांव के जलघर के समीप बनेगा नया एसटीपी
महाग्राम योजना के तहत गांव चांग में मुख्य जलघर के पास ही ग्राम पंचायत की करीब आठ एकड़ भूमि पर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण कराया जाएगा। इसी परिसर में दो वाटर ट्रीटमेंट प्लांट(डब्ल्यूटीपी) बनेंगे। जिसके बाद इस पानी का गांव के किसान सिंचाई के लिए पानी का इस्तेमाल कर पाएंगे। वहीं पूरे गांव में नई सीवर लाइन डाली जाएगी। जिसका गंदा पानी एसटीपी तक पहुंचाने के लिए दो पंपिंग स्टेशन भी बनाए जाएंगे। एक पंपिंग स्टेशन ढाणी चांग में बनेगा जबकि दूसरा पंपिंग स्टेशन सिटी स्कूल के पास पंचायती भूमि पर बनाया जाएगा। जबकि जलघर की क्षमता दोगुनी करने के लिए दो नए वाटर टैंकों का निर्माण भी होगा। गांव में पहले से दो बूस्टर बने हैं, जिनकी क्षमता भी करीब दोगुनी की जाएगी।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की तरफ से गांव चांग में महाग्राम योजना के तहत नई सीवर और पानी की लाइनों के लिए रफ कोस्ट एस्टीमेट मंजूर हो चुका है। जल्द ही इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कराई जाएगी। इसके बाद इसकी डीएनआईटी मंजूरी की प्रक्रिया शुरू होगी। इसी साल दिसंबर तक गांव चांग में महाग्राम योजना के तहत सीवर और पेयजल लाइन डालने का काम शुरू कराने का प्रयास रहेगा। करीब 88 करोड़ के बजट से ये काम होगा।
-सूर्यकांत, कार्यकारी अभियंता, पेयजल शाखा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग भिवानी।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को महाग्राम योजना के तहत नई सीवर और पानी की लाइन डालने के अलावा एसटीपी निर्माण के लिए पंचायती भूमि मुहैया कराई गई है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों द्वारा फाइनल सर्वे भी किया जा चुका है। महाग्राम का काम पूरा होने पर गांव की करीब 25 हजार से अधिक की आबादी को शहरी तर्ज पर मूलभूत सुविधाएं मिलना शुरू होंगी।
-प्रदीप रंगा, सरपंच प्रतिनिधि चांग।