सीबीएलयू के नए भवन में लगाए गए सोलर पैनल।
भिवानी। अब सीबीएलयू अपने परिसर में खर्च होने वाली 90 फीसदी बिजली की खपत को खुद पूरा करेगा। इतना ही नहीं भविष्य में यूनिवर्सिटी में पैदा होने वाली बिजली से सब स्टेशन को भी करंट मिलेगा। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने दो करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से अपना खुद का सोलर पैनल सिस्टम तैयार कर इसे चालू भी कर दिया है।
इसके शुरुआत रुझान भी काफी सकारात्मक मिले हैं, जिससे यूनिवर्सिटी कैंपस में खर्च होने वाली बिजली का बिल भी ढाई से तीन लाख रुपये तक घटा है। सीबीएलयू अब दूसरे सरकारी संस्थानों के लिए भी बिजली बचाने का बड़ा उदाहरण बनेगा। क्योंकि भिवानी में अब तक किसी भी बड़े संस्थान के पास खुद का सोलर पैनल पावर सिस्टम नहीं है।
चौधरी बंसीलाल यूनिवर्सिटी के प्रेमनगर स्थित नए परिसर में हर माह करीब सवा चार लाख रुपये का बिजली बिल का भुगतान निगम को किया जाता था। ये बिजली सीबीएलयू परिसर में बने 33 केवी पावर सब स्टेशन से ली जाती रही थी। पिछले एक साल के अथक प्रयासों से यूनिवर्सिटी प्रशासन ने खुद का सोलर पैनल सिस्टम विकसित कर लिया है। जिसे अब चालू भी कर दिया है।
360 किलोवाट क्षमता का ये सोलर पैनल सिस्टम यूनिवर्सिटी के नए कैंपस परिसर को 90 फीसदी बिजली की आपूर्ति कर सकेगा। इसकी मेंटनेंस और रखरखाव पर खर्च के लिए कई सालों तक कोई बजट खर्च नहीं करना पड़ेगा। इससे सौर ऊर्जा से पैदा होने वाली बिजली न केवल यूनिवर्सिटी कैंपस को जगमग रखेगी, बल्कि आने वाले समय में बिजली सब स्टेशन को भी करंट सप्लाई करेगी। इससे यूनिवर्सिटी खुद की खपत को पूरा करने के बाद अतिरिक्त बिजली को सब स्टेशन को दे सकेगा।
जुलाई में 42 हजार 450 यूनिट बिजली कर डाली खर्च
यूनिवर्सिटी तकनीकी विंग के जेई चेतन शर्मा ने बताया कि जुलाई माह में नए कैंपस के अंदर 42 हजार 450 यूनिट बिजली खर्च की गई थी। जबकि अगस्त में सोलर पैनल सिस्टम चालू किया गया है। भविष्य में सोलर पैनल से करीब 90 फीसदी यूनिट बिजली की आपूर्ति होगी।
यूनिवर्सिटी के नए कैंपस में खुद का सोलर पैनल सिस्टम चालू हो चुका है। इसके शुरुआती नतीजे काफी सकारात्मक रहे हैं। यूनिवर्सिटी नए कैंपस में खपत होने वाली 90 फीसदी बिजली खुद ही सोलर पैनल से ही पैदा होगी। बिजली बचत का यूनिवर्सिटी प्रशासन का यह जिले का बड़ा पहला संस्थान होगा, जहां सौर ऊर्जा से संचालित संसाधन विकसित किया गया है।
-प्रो. राजकुमार मित्तल, कुलपति चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय भिवानी।