भिवानी। अब जिलेभर में 10,268 परिवारों के परिवार पहचान पत्र की गलतियां सुधार के लिए शिविर लगेंगे। मानव सूचना एवं संसाधन विभाग 14 से 22 जून तक जिलेभर में बूथ वाइज नौ दिनों तक लगातार विशेष शिविर लगाएगा।
परिवार पहचान पत्र में जन्मतिथि, पेंशन संबंधी, सदस्य के शादीशुदा स्टेटस, फोन नंबर सहित फैमिली आईडी में अनचाहे सदस्य को हटाने संबंधी गलतियों को अब ठीक कराया जा सकेगा। शिविर में विभिन्न टीमों का गठन किया है, ये टीमें ग्रामीण क्षेत्र में बूथ स्तर पर पहुंचकर वहां कैंपों के जरिए परिवार पहचान पत्र की गलतियों में ऑन दा स्पॉट सुधार कराएंगी। भिवानी जिले में तीन लाख 25 हजार परिवारों की फैमिली आईडी बन चुकी है।
परिवार पहचान पत्र में करीब 10,268 परिवार ऐसे हैं, जिनकी फैमिली आईडी में गलतियों की संभावना है। इनमें अधिकांश की उम्र की वेरिफिकेशन और सदस्यों के स्टेटस को लेकर दिक्कत बनी है। उम्र की वेरिफिकेशन के बाद परिवार के बुजुर्ग सदस्यों की स्वत: पेंशन बन जाएगी। वहीं परिवार के बच्चों की उम्र की वेरिफिकेशन होते ही उनके नाम भी अपडेट हो जाएंगे।
वहीं डुप्लीकेट फोन नंबर का कॉलम में भी गलत नंबर चढ़ाए जाने की समस्याएं आ रही हैं। जो सदस्य शादीशुदा हो चुके हैं, उनके मेरिज स्टेटस व जिनकी पत्नी की मृत्यु हो चुकी है उनके विधुर स्टेटस किया जाना है। ऐसे मामलों को अब ग्राम स्तर पर ही मानव सूचना एवं संसाधन विभाग निपटान कराएगा। इसके लिए कैंप लगाए जाएंगे। कैंप में सेक्टर आफिसर के अलावा फील्ड कर्मचारी भी शामिल होंगे। जो मौके पर ही परिवार पहचान पत्र की गलतियों को दुरुस्त कराने में अपना योगदान देंगे।
बैंक खाता और दिव्यांग की फैमिली आईडी भी होंगी दुरुस्त
जिन परिवारों के सदस्यों के बैंक खातों की केवाईसी नहीं हुई हैं उन्हें भी दुरुस्त किया जाएगा और इसी के साथ दिव्यांगों की फैमिली आईडी के मामलों में भी गलतियों को दुरुस्त किया जाएगा। दिव्यांग पात्रों की फैमिली आईडी की गलतियों की वजह से उनकी पेंशन संबंधी मामले भी अटक गए हैं। इसकी वजह से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। दिव्यांग सदस्यों की फैमिली आईडी की वेरिफिकेशन और उनकी गलतियों को भी मौके पर ही ठीक कराया जाएगा।
परिवार पहचान पत्र की गलतियों को दुरुस्त करने के लिए जिले भर में 14 से 22 जून तक स्पेशल कैंप लगाए जाएंगे। ये कैंप गांव में बूथ स्तर पर लगाए जाएंगे। जिनके अंदर जिन परिवारों की फैमिली आईडी में कोई गलती है तो उसे तत्काल दुरुस्त कराया जा सकेगा।
-खुशवंत सिंह जिला समन्वयक मानव सूचना एवं संसाधन विभाग भिवानी।