भिवानी। अब फरलोबाज बच्चों के साथ ड्यूटी के प्रति लापरवाह गुरुजी पर शिकंजा कसेगा। क्योंकि भिवानी जिले के 850 सरकारी स्कूलों में अब एमआईएस पोर्टल (प्रबंधन सूचना प्रणाली) पर रोजाना हाजिरी दर्ज की जा रही है। जिले में पहली कक्षा से बारहवीं तक के करीब डेढ़ लाख से अधिक बच्चों की स्कूल में उपस्थिति का पोर्टल पर ब्योरा दर्ज हो रहा है, वहीं गुरुजी की भी पोर्टल पर ही हाजिरी लग रही है।
शिक्षा विभाग की तरफ से प्रत्येक सरकारी स्कूल में क्लास इंचार्ज को अलग से लाॅगइन आईडी दी गई है। जिसमें गुरुजी अब मैनुअल तरीके से रजिस्टर में बच्चों की उपस्थिति दर्ज नहीं कर रहे हैं, बल्कि पोर्टल पर बच्चे की दैनिक उपस्थिति का रिकार्ड दर्ज हो रहा है। इससे बच्चों की स्कूल में सालाना उपस्थित का भी डिजिटल हाजिरी का डाटा आकलन के लिए विभाग के पास मौजूद रहेगा। जबकि ड्राॅप आउट बच्चों की भी विभाग सिर्फ एक क्लिक से पता लगा पाएगा। भिवानी जिले में 450 से अधिक प्राइमरी स्कूल हैं और करीब 400 अपर प्राइमरी स्कूल हैं। इन सभी स्कूलों में एमआईएस पोर्टल हाजिरी का सिस्टम विकसित हो चुका है। सभी स्कूलों में अब कक्षा में हाथ उठाकर यस सर कहने के बजाय विद्यार्थी की पोर्टल पर हाजिरी दर्ज होगी।
शिक्षा मुख्यालय में अपडेट होगा रोजाना स्कूलों में उपस्थिति का डाटा
शिक्षा मुख्यालय में सरकारी स्कूलों में रोजाना उपस्थिति का डाटा अपडेट होगा। पहले हर माह शिक्षकों की उपस्थिति जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में मैनुअल भेजी जाती थी और छात्रों की सालाना उपस्थिति का डाटा भी मैनुअल भेजा जाता था, मगर अब पोर्टल पर विद्यालय में ही अब रोजाना हाजिरी की व्यवस्था हो गई है।
वर्जन:
जिले के सभी सरकारी स्कूलों में एमआईएस पोर्टल पर शिक्षकों और विद्यार्थियों की हाजिरी शुरू कर दी गई है। विभाग की इस नई व्यवस्था से बच्चों की रोजाना स्कूलों में उपस्थिति का डाटा अपडेट रहेगा। वहीं शिक्षक भी समय पर स्कूल आएंगे। इसके लिए स्कूल प्राचार्य व क्लास इंचार्ज को अलग-अलग लाॅगइन आईडी दी गई है। शिक्षा विभाग की इस व्यवस्था के सकारात्मक नतीजे सामने आएंगे।
-संतोष नागर, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी भिवानी।