भिवानी। जिला मुख्यालय सहित जिले की 11 मंडियों में अब सरसों के साथ गेहूं की सरकारी खरीद के लिए एजेंसियां निर्धारित हो गई हैं। तीन सरकारी एजेंसियों के कंधों पर ही किसानों के गेहूं की खरीद की जिम्मेदारी रहेगी। इस बार प्लास्टिक के बजाए केवल जूट के बारदाना में ही गेहूं की भराई होगी। हालांकि अभी गेहूं की मंडियों में आवक दस अप्रैल के बाद ही होगी। जिसके लिए गांवों का शेड्यूल भी जारी होगा।
अभी तक जिले के करीब 20 फीसदी किसानों ने अपनी फसलों का पोर्टल पर पंजीकरण तक नहीं कराया है। गेहूं की सरकारी खरीद में पंजीकृत किसान ही शामिल होंगे। भिवानी जिला मुख्यालय की मंडी के अलावा जूईकलां, बवानीखेड़ा, ढिगावा, लोहारू, बहल, सिवानी, तोशाम, चांग, खरककलां, धनाना मंडी में गेहूं की खरीद एक अप्रैल से आरंभ हो जाएगी। हालांकि गेहूं की सरकारी खरीद के लिए चार एजेंसियां खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हैफेड, हरियाणा वेयर हाउस कारपोरेशन व एफसीआई शामिल हैं। लेकिन भिवानी में खाद्य एवं आपूर्ति, हैफेड और एचडब्ल्यूसी ही गेहूं की निर्धारित मंडियों के हिसाब से करेगी। पिछले साल जिले भर में करीब एक लाख मीट्रिक टन गेहूं की सरकारी खरीद हुई थी। इस बार डेढ़ गुना गेहूं की खरीद का अनुमान है। चुनावी माहौल में किसानों की फसल खरीद के लिए प्रशासन का भी पुख्ता प्रबंधों का दावा है। हालांकि कई कस्बाई व ग्रामीण मंडियों में मूलभूत सुविधाएं तक नहीं हैं न ही मौसम की मार से किसानों की फसल बचाने के लिए कोई शेड व उचित प्रबंध हैं। ऐसे में मौसम की मार झेल चुके किसानों की मुश्किलें मंडी पहुंचने के बाद भी कम नहीं होंगी।
ये रहेगा गेहूं का मंडी वार खरीद का शेड्यूल
मंडी का नाम- एजेंसी का नाम- निर्धारित खरीद के दिन
बवानीखेड़ा- हैफेड- मंगल, वीर, शनि
बहल- हैफेड- पूरे सप्ताह
भिवानी- फूड सप्लाई- सोम, मंगल, बुध, शुक्र, हैफेड- वीर और शनि
चांग- फूड सप्लाई- पूरे सप्ताह
धनाना- फूड सप्लाई- पूरे सप्ताह
ढिगावा- हैफेड- पूरे सप्ताह
जूई- हैफेड- सोम, मंगल, वीर, शनि-एचडब्ल्यूसी- बुध और शुक्र
लोहारू- फूड सप्लाई- सोम, बुध, शुक्र- हैफेड- मंगल, वीर, शनि
सिवानी- फूड सप्लाई- पूरे सप्ताह
तोशाम- फूड सप्लाई- सोम, बुध, वीर, शुक्र- एचडब्ल्यूसी- मंगल और शनि
खरककलां- एचडब्ल्यूसी- पूरे सप्ताह
-
खरीद में शामिल कर्मचारियों व अधिकारियों को मिली चुनावी ड्यूटी से मुक्ति
लोकसभा चुनावों के बीच गेहूं और सरसों की सरकारी खरीद भी आरंभ हो गई है। करीब दो माह तक अधिकारी और कर्मचारी चुनावी ड्यूटी में ही व्यस्त रहेंगे। मगर प्रशासन ने जिन अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी मंडियों में फसल खरीद के लिए लगाई हैं, उन्हें चुनावी ड्यूटी से मुक्त कर दिया है। ये कर्मचारी और अधिकारी केवल मंडियों में आने वाले किसानों की फसल खरीद पर ही पूरा ध्यान देंगे। अगर मंडियों में खरीद को लेकर किसी तरह की दिक्कतें आती हैं तो निगरानी के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को भी अलग से जिम्मेदारी प्रशासन की ओर से सौंपी है।
सरकार की ओर से एक अप्रैल से आरंभ होने वाली गेहूं की सरकारी खरीद के लिए सभी एजेंसियों को मंडियों का आवंटन कर दिया है। जबकि सरसों की खरीद जारी है। मंडियों में किसानों के लिए खरीद के दौरान मूलभूत व्यवस्थाएं कराई गई हैं, किसी तरह की किसानों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। किसानों के गेट पास की व्यवस्था भी मंडियों में कराई गई है।
-श्याम सुंदर गोयल, डीएमईओ, हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड भिवानी।