फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: अब 39 साल बाद शहर की सब्जी मंडी का नए सिरे से होगा नवीनीकरण, 1.85 करोड़ रुपये का बजट मंजूर

Wed, 31 Jul 2024 11:30 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड ने शहर की सब्जी मंडी का 39 साल बाद नवीनीकरण का मसौदा मंजूर करने के साथ ही एक करोड़ 85 लाख के बजट को भी मंजूरी दी है। इसके बाद हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड सब्जी मंडी का नए सिरे से नवीनीकरण का काम कराएगा।
विज्ञापन

सब्जी मंडी की पहले से अधिक चौड़ी सड़कें बनेंगी। वहीं करीब एक फुट तक ऊंचे प्लेटफार्म भी तैयार होंगे। इसी के साथ पूरी मंडी से बरसाती पानी की निकासी का भी अब स्थायी बंदोबस्त हो जाएगा। इसका डिजाइन हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड अधिकारियों ने तैयार किया है। इसे हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक से भी मंजूरी मिल चुकी है।
अक्तूबर से पहले ही मंडी के नवीनीकरण का वर्क ऑर्डर जारी होंगे, नवीनीकरण का काम भी चुनावों से पहले शुरू होने की उम्मीद है। वहीं सब्जी मंडी के मसौदे पर तीन बार पहले भी मुख्यालय ने आपत्ति दर्ज कर इसे वापस लौटा दिया था, मगर अब ये मसौदा अंतिम रूप ले चुका है।
विज्ञापन

शहर के रोहतक रोड स्थित सब्जी मंडी 1985 में विकसित हुई थी। पहले सब्जी मंडी का रखरखाव नगर सुधार मंडल के तहत किया जाता था। इसके बाद इसकी जिम्मेदारी हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड को सौंपी गई। सब्जी मंडी की हालत सुधार के लिए पहले अधिकारियों ने करीब 64 लाख रुपये का मसौदा तैयार किया था, जिसे मुख्यालय भेजे जाने पर इस पर आपत्ति लगा दी गई।
इसके उपरांत करीब सवा करोड़ की अनुमानित लागत से मसौदा तैयार हुआ, मगर इस पर भी बात नहीं बनी और मुख्यालय से आपत्ति दर्ज कर वापस भेज दिया। इसके बाद करीब दो करोड़ का मसौदा नए सिरे से तैयार किया गया। लेकिन ये मसौदा भी मुख्यालय पहुंचते ही मानकों में उलझकर रह गया। अब अंतिम बार हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड ने एक करोड़ 84 लाख के बजट को मंजूरी दी है। इसके बाद से ही मंडी के नवीनीकरण का रास्ता भी साफ हो गया है।

मंडी के बरसाती और गंदे पानी की विकास नगर डिस्पोजल में होगी निकासी
सब्जी मंडी के नवीनीकरण कार्य में मंडी से बरसाती पानी की निकासी का खाका भी तैयार हुआ है। हालांकि मंडी से गंदे पानी की निकासी भी विकास नगर डिस्पोजल में हो रही है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग का ये डिस्पोजल महज दस एमएलडी से भी कम क्षमता का है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग इसकी क्षमता बढ़ाने की दिशा में भी कदम उठाएगा। फिलहाल मंडी में बरसाती पानी की निकासी के लिए अलग से लाइन डाली जाएगी, जबकि सीवरेज सिस्टम को भी मजबूत किया जाएगा। आरसीसी पैटर्न और ब्लॉक से सड़क तैयार होगी। इससे मुख्य सड़क से मंडी का लेवल भी बराबर किया जाएगा, ताकि बारिश में यहां पानी का ठहराव न हो सके।
हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक मुकेश आहुजा के प्रयासों से मंडी के नवीनीकरण कार्य के लिए एक करोड़ 85 लाख रुपये के बजट को मंजूरी मिली है। हमारा प्रयास रहेगा कि अक्तूबर तक वर्कऑर्डर जारी कर काम शुरू करा दिया जाएगा। मंडी में करीब चार दशक पुरानी सड़कों, सीवरेज और बरसाती पानी की निकासी का नवीनीकरण होगा। इसके बाद मंडी में जलभराव और ठप सीवर की कोई समस्या नहीं रहेगी। प्लेटफार्म तैयार होंगे और पहले से अधिक चौड़ी आरसीसी सड़क तैयार होंगी।
- विकास गुप्ता, एसडीओ, हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड भिवानी।
भिवानी की सब्जी मंडी करीब चार दशक पुरानी हो चुकी है। पहले सब्जी मंडी को शहर से बाहर भेजने का मसौदा सरकार के समक्ष भेजा था, जिसे तकनीकी कारणों की वजह से मंजूरी नहीं मिल पाई, मगर अब यहां मंडी के स्वरूप को बदलने और इसके नवीनीकरण के लिए सरकार ने बजट मंजूर किया है। इस बजट से मंडी में व्यापारियों को मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी वहीं शहरवासियों के लिए भी यहां बारिश में कीचड़ और जलभराव जैसी समस्या से निजात मिल जाएगी। जल्द काम भी शुरू कराएंगे।
विज्ञापन

-घनश्याम सर्राफ भाजपा विधायक भिवानी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें