फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: अब 20 साल पुरानी नहरों का होगा नवीनीकरण, 30 साल पुराने जर्जरहाल नहरी पुल फिर बनेंगे

Wed, 13 Nov 2024 10:43 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
जर्जर हाल में नहरी पुलिया।
विज्ञापन
भिवानी। अब 20 साल पुरानी नहरों का नवीनीकरण होगा वहीं 30 साल पहले बने जर्जरहाल नहरी पुल भी फिर से बनकर तैयार होंगे। इतना ही नहीं लिंक ड्रेनों में पाइपलाइन की पुलिया को हटाकर अब सिंचाई विभाग खुले पुल तैयार कराएगा।
विज्ञापन

सिंचाई विभाग ने नहरी परियोजनाओं का मसौदा तैयार कर मुख्यालय को भेजा है। जिस पर उच्च स्तरीय बैठक में मंजूरी की मोहर लगने के बाद काम शुरू कराया जाएगा। कैरू क्षेत्र की आठ नहरों को नवीनीकरण के लिए चिह्नित किया है। जबकि करीब 40 जर्जरहाल नहरी पुलों को भी सिंचाई विभाग फिर से तैयार कराएगा। वहीं आठ जगहों पर लिंक ड्रेनों के ऊपर से गुजर रही पाइपलाइन पुलों को हटाया जाएगा।
सिंचाई विभाग 20 साल पुरानी नहरों के नवीनीकरण का काम कराएगा। पुरानी नहरों को तोड़कर फिर से इन्हें या तो पाइप लाइन में बदल दिया जाएगा या फिर इन्हें कंक्रीट तकनीक से तैयार कराया जाएगा, ताकि टेल तक पानी पहुंच सके। इस परियोजना के लिए कैरू क्षेत्र की आठ नहरों को चिह्नित किया गया है। इनमें राजपुरा माइनर, कैरू माइनर, ढाणी माहू रजवाहा, रिवासा माइनर, कुंगड़ माइनर सहित तीन अन्य माइनर शामिल हैं।
विज्ञापन

पहले इन माइनरों को ईंटों से तैयार कराया गया था, जिनके अंदर समय के साथ झाड़ झंकाड़ उग जाते हैं, जिससे पानी का बहाव भी प्रभावित होता है, मगर अब नवीनीकरण के लिए नवीनतम तकनीक से इन माइनरों को फिर से तैयार कराया जाएगा। इस पर विभाग का करोड़ों का बजट भी खर्च होगा।
40 करोड़ के बजट से फिर तैयार किए जाएंगे 30 साल पुराने नहरी पुल
सिंचाई विभाग करीब 40 करोड़ के बजट से करीब 36 से 40 ऐसे नहरी पुलों को फिर से तैयार कराएगा। जो 30 साल से अधिक पुराने हो चुके हैं। सिंचाई विभाग ने जर्जरहाल पुलों को भी चिह्नित कर उनके एस्टीमेट तैयार कर मुख्यालय को भेजे हैं। प्रत्येक नहरी पुल पर करीब एक करोड़ का अनुमानित बजट खर्च आएगा। कुछ नहरी पुलों को नवीनीकरण के दौरान पहले से अधिक चौड़ा किया जाएगा। ये तब संभव होगा जब नहरों के नवीनीकरण के दौरान उनकी क्षमता बढ़ाने का मसौदा भी शामिल होगा। जिन नहरों पर पुराने पुल हटाकर नए बनाए जाने हैं, उनकी चौड़ाई पहले की तरह ही रखी जाएगी।
12 करोड़ के बजट से लिंक ड्रेनों के पाइपलाइन पुल हटाकर बनेंगे खुले पुल
सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता गौरव कुमार ने बताया कि लिंक ड्रेनों पर कई साल पहले पाइपलाइन से पुल तैयार किए गए थे। अब इन पुलों को हटाकर खुले पुल तैयार कराए जाएंगे। ताकि ड्रेनों में गंदे पानी का बहाव प्रभावित न हो। आठ पाइपलाइन पुलों को चिह्नित किया है, जिनकी जगह खुले पुल बनेंगे। इन पर करीब 12 करोड़ का बजट खर्च आएगा। इनमें चार पुल बापोड़ा के समीप भिवानी-घग्घर लिंक ड्रेन पर हैं, जबकि एक पुल मित्ताथल,-घुसकानी लिंक ड्रेन पर है। इसी तरह एक पुल रतेरा के समीप है वहीं दो पुल गांव भुरटाना के समीप हैं। जहां पाइपलाइन को हटाकर यहां खुले नहरी पुल तैयार होंगे। इनके एस्टीमेट भी तैयार हो चुके हैं।
सिंचाई विभाग की भिवानी वाटर सर्विसेज डिविजन के अंतर्गत नहरों के नवीनीकरण का खाका तैयार किया गया है। इसके अलावा तीन दशक पुराने नहरी पुलों को भी तोड़कर उनकी जगह नए नहरी पुल तैयार कराए जाने हैं। इनके एस्टीमेट तैयार किए गए हैं, जिन्हें मुख्यालय भेजा है। इन मसौदों पर उच्च स्तरीय बैठक में चर्चा के बाद बजट मंजूर होगा। उसी के बाद इनके टेंडर कराकर वर्कऑर्डर जारी किए जाएंगे। नहरों के नवीनीकरण के बाद टेल तक पानी पहुंचाना आसान होगा वहीं पेयजल और सिंचाई की जरूरतें भी पूरी होंगी।
- जितेंद्र मान, कार्यकारी अभियंता, भिवानी वाटर सर्विसेज डिविजन, सिंचाई विभाग।
पूरे हरियाणा खासकर दक्षिण हरियाणा में मेरे दादाजी पूर्व मुख्यमंत्री चौ. बंसीलाल ने ऊंचे टीलों तक नहरी पानी पहुंचाया था। अब मेरा प्रयास रहेगा कि नहरों के नवीनीकरण कराकर उन हिस्सों में भी नहरी पानी पहुंचाया जाए, जहां तक पानी नहीं पहुंच रहा है। इसी को लेकर सिंचाई विभाग नहरों के नवीनीकरण का काम कराएगा। इसके अलावा पुराने और दुर्घटना संभावित नहरी पुलों को भी तोड़कर उनकी जगह नए पुल तैयार कराए जाएंगे। इन सभी कामों पर जल्द बजट मंजूर कराकर काम शुरू कराएंगे।
विज्ञापन

-श्रुति चौधरी, सिंचाई मंत्री, हरियाणा सरकार।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें