भिवानी। एक सप्ताह में डेंगू के नौ नए मरीज सामने आए हैं, जबकि 265 घरों में डेंगू मच्छर का लारवा मिलने पर चेतावनी नोटिस जारी किया है। इसके बाद डेंगू मरीजों की संख्या 92 हो गई है, जबकि अब तक 1945 को चेतावनी नोटिस दिया है। वहीं नगर परिषद के कर्मचारी इन क्षेत्र में फॉगिंग कर रहे हैं, जिनमें डेंगू के मरीज मिले हैं। इन क्षेत्रों की सूची स्वास्थ्य विभाग की ओर से उन्हें उपलब्ध करवाई जा रही है।
जिले में शहरी क्षेत्र के 51 जबकि ग्रामीण क्षेत्र से 41 मरीज मिले हैं। शुक्रवार को डेंगू आशंकित 50 सैंपल नागरिक अस्पताल की लैब में भेजे हैं, जिनकी रिपोर्ट 24 घंटे में आएगी। वहीं स्वास्थ्य विभाग की 142 टीमें एंटी लारवा अभियान और फीवर मास सर्वे में जुटी है। टीम ने डेंगू मच्छर का लारवा मिलने पर 1945 घरों में चेतावनी नोटिस जारी किया है। वहीं डेंगू जांच के लिए 1639 लिए, जिनमें से 92 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई और 42 की रिपोर्ट अभी लंबित है।
-
मलेरिया की 153 ब्लड स्लाइड बनाई
मलेरिया की जांच के लिए अब तक 14421 ब्लड स्लाइड बनाई हैं, जिनमें से एक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जबकि 153 की रिपोर्ट लंबित है। वहीं मलेरिया संक्रमित मिला मरीज स्वस्थ हो चुका है। वहीं नागरिक अस्पताल की ओपीडी में रोजाना डेंगू आशंकित मरीज फिजिशियन कक्ष में जांच करवाने के लिए पहुंच रहे हैं। इसमें से जिन मरीजों को डेंगू के लक्षण मिलते हैं उनसे सैंपल लिए जा रहे हैं।
-
इन क्षेत्रों में सबसे अधिक मरीज
अब तक शहरी क्षेत्र में बैंक कॉलोनी, राजीव कॉलोनी, पटेल नगर, विद्यानगर, डाबर कॉलोनी, सेक्टर 13, शिवनगर, हनुमान गेट, भारत नगर, हांसी गेट, हाउसिंग बोर्ड में मरीज मिले हैं। जबकि ग्रामीण क्षेत्र में गांव खरक कलां, राजपुरा खरकड़ी, झांवरी, बापोड़ा, देवसर, धीराना, पालुवास, किरावड़, धनाना व तोशाम से मरीज मिले हैं।
-
शहर में इन स्थानों पर करवाई फॉगिंग
डेंगू से बचाव के लिए नगर परिषद कर्मचारियों ने सेक्टर 13, सेक्टर 23, नेहरू कॉलोनी, लेबर कॉलोनी, लोहड़ चोपड़ा, भारत नगर, नीम चौक, बाग कोठी, ताइयान पाना, एमसी कॉलोनी, फ्रेंडस कॉलोनी, न्यू हाउसिंग बोर्ड, आदर्श नगर में फॉगिंग करवाई। इसके अलावा बाबा नगर, न्यू बस्ती, सीआईडी ऑफिस, कोर्ट रोड, पटवार खाना, हालु मोहल्ला, उत्तम नगर, दादरी गेट, रामलीला ग्राउंड, नेकीराम सभागार, किरोड़ीमल पार्क राजीव कॉलोनी, डीसी ऑफिस, एसपी ऑफिस, न्यायिक परिसर, जगत कॉलोनी, डीसी कॉलोनी, महाराणा प्रताप कॉलोनी, राम नगर, बीटीएम कॉलोनी आदि जगहों पर फॉगिंग करवाई है।
-
नागरिक अस्पताल में डेंगू कंट्रोल रूम बनाया है, जिसमें मरीज या आशंकित डेंगू संबंधित जानकारी ले सकता है। साथ ही एंटी लारवा व फीवर मास सर्वे के तहत डोर टू डोर स्वास्थ्यकर्मी लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर रहे हैं। इसमें बुखार से ग्रस्त मरीज की ब्लड स्लाइड व आशंकित होने पर डेंगू के सैंपल लिए जा रहे हैं। नागरिकों से अपील है कि स्वास्थ्य में गड़बड़ी होने पर जांच अवश्य करवा लें।
- डॉ. रघुबीर शांडिल्य, सिविल सर्जन।