ढिगावा मंडी। चिकित्सकों की लगातार चौथे दिन चल रही हड़ताल के कारण ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। बुधवार रात को कस्बा ढिगावा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर केवल नर्सिंग आफिसर पिंकी ही ड्यूटी पर तैनात थी, जबकि अन्य कर्मचारी नदारद थे।
अकेली ड्यूटी करने वाली महिला स्वास्थ्य कर्मी को सुनसान जगह पर डर लगा तो उन्होंने रात 11 बजे सरपंच धर्मवीर नेहरा को फोन कर अपनी मजबूरी बताई। इसके बाद सरपंच और उनके दो-तीन साथियों ने पीएचसी पहुंचकर रात भर ड्यूटी में मौजूद नर्सिंग स्टाफ का समर्थन किया। महिला कर्मी ने बताया कि सुरक्षा गार्ड छुट्टी पर था और उसकी जगह वार्ड सर्वेंट ड्यूटी पर नहीं आया। इसके अलावा एंबुलेंस ड्राइवर भी ड्यूटी पर नहीं दिखा। पीएचसी की लाइट कटने के बाद उन्होंने सरपंच को स्थिति से अवगत कराया।
सरपंच धर्मवीर नेहरा ने कहा कि उन्होंने अपने साथियों के साथ सुबह तीन-चार बजे तक पीएचसी में पहरा दिया और आवश्यक कार्रवाई की। ग्रामीणों का कहना है कि चिकित्सकों की हड़ताल की आड़ में अन्य कर्मचारी भी ड्यूटी के प्रति बेपरवाह हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति चिंताजनक हो गई है।