निजी बस संचालकों की बैठक लेते एसडीएम महेश कुमार।
भिवानी। एसडीएम महेश कुमार की अध्यक्षता में निजी बस संचालकों की बैठक हुई। यह बैठक लघु सचिवालय स्थित उनके कार्यालय में आयोजित की गई। एसडीएम ने बस संचालकों से नया सफर योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने पुराने और अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के स्थान पर आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल वाहनों को अपनाने को कहा।
योजना का उद्देश्य राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु प्रदूषण कम करना है। साथ ही परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल बनाना है। बीएस-4 अथवा उससे पुराने मानकों वाले ट्रकों और बसों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा। बीएस-6, सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे कार्बन डाइऑक्साइड, पीएम-2.5, पीएम-10, नाइट्रोजन ऑक्साइड और कार्बन मोनोऑक्साइड जैसे प्रदूषकों के उत्सर्जन में कमी आएगी।
योजना के लाभ
पुराने वाहनों की वैज्ञानिक और पर्यावरण-अनुकूल स्क्रैपिंग के लिए अधिकृत रजिस्टर्ड व्हीकल स्क्रैपिंग फैसिलिटी के माध्यम से जमा प्रमाणपत्र जारी होगा। नए बीएस-6, सीएनजी अथवा इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर मोटर वाहन कर और पंजीकरण शुल्क में 100 फीसदी छूट मिलेगी। 5 फीसदी ब्याज सब्सिडी भी दी जाएगी। वाहन निर्माता द्वारा 8 फीसदी तक की छूट तथा ईंधन वाउचर अथवा उसके समतुल्य एकमुश्त लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
सेकंड-हैंड वाहनों पर भी प्रोत्साहन
सेकंड-हैंड बीएस-6 वाहनों की खरीद पर भी मोटर वाहन कर में 50 फीसदी छूट मिलेगी। ब्याज सब्सिडी और अन्य निर्धारित प्रोत्साहन भी दिए जाएंगे। बैठक में प्राइवेट बस एसोसिएशन के प्रधान दिनेश कुमार, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रधान रामोतार शर्मा, अमित डागर व जोगपाल सिंह मौजूद रहे। निजी बस संचालकों ने योजना के सफल क्रियान्वयन में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।