परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग करते स्टाफ। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। दसवीं के विद्यार्थियों का बौद्धिक एवं शैक्षणिक क्षमता जांचने के लिए नेशनल टैलेंट सर्च परीक्षा रविवार को आयोजित की गई। परीक्षा के लिए 2626 विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन हुआ था, जिसमें शहर के 11 परीक्षा केंद्रों में 1658 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इस परीक्षा में टॉप रहने वाले 186 विद्यार्थी लेवल-2 की राष्ट्रीय परीक्षा में शामिल होंगे।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा एनटीएसई लेवल-1 परीक्षा रविवार को आयोजित कराई गई। इसमें एबिलिटी टेस्ट सुबह साढ़े दस से दोपहर 12 बजे तक दो चरणों में हुआ। दूसरे चरण की परीक्षा डेढ़ बजे से साढ़े तीन बजे तक हुई। लेवल-1 की परीक्षा में पास होने वाले विद्यार्थी को एक हजार रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति मिलेगी। जबकि इस परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को जून 2021 में लेवल-2 की परीक्षा देनी होगी। परीक्षा मे सामुदायिक दूरी से आधा घंटे पहले प्रवेश मिला और प्रत्येक विद्यार्थी की थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइज की प्रक्रिया पूरी कराई गई। परीक्षा के नोडल अधिकारी एवं जिला गणित विशेषज्ञ राजेंद्र श्योराण ने बताया कि नेशनल टेलेंट सर्च परीक्षा में 2626 विद्यार्थियों में से 1658 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी है।
20 दिसंबर को 2058 विद्यार्थी देंगे एनएमएमएस की परीक्षा
जिला गणित विशेषज्ञ राजेंद्र श्योराण ने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित एनएमएमएस के लिए शहर में नौ विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। जिसमें 2058 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को लेकर सभी जरूरी इंतजाम पूरे किए गए हैं। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर बाद दो बजे तक होगी। परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचेंगे और सामुदायिक दूरी, सैनिटाइज एवं थर्मल स्क्रीनिंग के बाद प्रवेश मिलेगा।