हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से नेशनल टैलेंट सर्च एग्जाम (लेवल एक) आगामी आठ नवंबर को होगा। बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि परीक्षार्थियों के अनुक्रमांक दो नवंबर को सभी जिला शिक्षा अधिकारियों के कार्यालय में भेजे जा रहें हैं। इस परीक्षा में प्रविष्ठ होने वाले परीक्षार्थी अपनी पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो अनुक्रमांक पर्ची पर लगाकर सत्यापित कराएं तथा एक पासपोर्ट साइज की सत्यापित रंगीन फोटो परीक्षा केन्द्र पर लेकर आनी होगी। इसके अतिरिक्त परीक्षार्थी अपने आवेदन-पत्र का क्रमांक डालकर अपने अनुक्रमांक / एडमिट कार्ड बोर्ड की वेबसाइट ‘डब्ल्यूडब्ल्यूडब्लयू डॉट बीएसईएच डॉट ओआरजी डॉट इन ’ से भी डाउनलोड कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में बुधवार से हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित हरियाणा मुक्त विद्यालय अक्तूबर-2015 की सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी क्रेडिट ट्रांसफर पॉलिसी व सबजेक्ट टू क्लीयर परीक्षाएं प्रारंभ हो गई है। सेकेंडरी के हिंदी विषय तथा सीनियर सेकेंडरी के अंग्रेजी (कोर) व अंग्रेजी (ऐच्छिक) की परीक्षा में प्रदेश भर में उड़नदस्तों द्वारा बुधवार अनुचित साधन प्रयोग के 109 मामले दर्ज किए गए।