भिवानी। पानी की किल्लत पर दादरी गेट ढाणा रोड की महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा और महिलाओं ने मंगलवार सुबह नौ बजे दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे के दादरी गेट चौक को जाम कर दिया। महिलाओं ने करीब एक घंटे तक नेशनल हाईवे को जाम रखा।
महिलाओं की ओर से जाम लगाए जाने के कारण नेशनल हाईवे के अलावा कोंट रोड और ढाणा रोड का रास्ता भी बंद हो गया। महिलाओं ने एक दूसरे का हाथ थामकर मानव शृंखला बनाकर जाम लगा दिया। मौके पर चौकी इंचार्ज देवेंद्र सिंह भी पहुंचे और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाएं अपनी मांग पर अड़ी रही।
नेशनल हाईवे पर जाम लगाने वाली महिला कमला, देवकी, माया, बिमला, संतोष ने बताया कि पिछले एक साल से दादरी गेट ढाणा रोड पर पानी का गंभीर संकट बना है। दो बार समाधान शिविर में भी समस्याएं रख चुके हैं और जनस्वास्थ्य अधिकारियों को भी कई बार कार्यालय जाकर अवगत करा चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हुआ है।
पहले भी महिलाओं ने पानी की समस्या को लेकर नेशनल हाईवे दादरी गेट चौक पर जाम लगाया था। लेकिन कुछ दिन स्थिति ठीक रहने के बाद फिर वहीं हालात बन गए। अधिकांश इलाके में गंदे पानी की आपूर्ति होती है वहीं टेल के घरों तक तो पीने का पानी भी नहीं पहुंच रहा है। गर्मी में अब पीने के पानी को भी तरस रहे हैं। जाम में डटी महिलाओं की जाम खुलवाने की कोशिश करने पर पुलिस से भी नोकझोंक हुई। इस दौरान महिलाओं ने नारेबाजी भी की।
बिना नहाए बच्चे जाते हैं स्कूल, पीने के लिए भी मंगवा रहे पैसे में टैंकर
जाम पर डटी महिलाओं ने बताया कि गर्मी की शुरुआत में पानी को लेकर काफी दिक्कत बनी है। बिना नहाए ही बच्चे स्कूल भेजते हैं। वहीं पीने के लिए भी पैसे देकर पानी का टैंकर मंगवाना पड़ता है। ये स्थिति पिछले एक पखवाड़े से बनी है। घरों के अंदर रोजमर्रा के काम के लिए भी पानी नहीं आता है। हैंडपंप पर भी दिनभर महिलाओं की भीड़ जुटी रहती है।
दादरी गेट बूस्टर पर एक मोटर खराब होने से गहराया था पेयजल संकट
दादरी गेट बूस्टर से ही दादरी गेट ढाणा रोड क्षेत्र में पानी की आपूर्ति होती है। बूस्टर पर दो मोटर लगी हुई हैं, जिसमें एक मोटर काफी अर्से से खराब पड़ी है। जबकि एक मोटर से लाइन में सप्लाई के दौरान पानी का प्रेशर नहीं बन पाता, जिसकी वजह से टेल के घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। महिलाओं के जाम लगाने के बाद मौके पर पहुंचे जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग अधिकारियों ने बूस्टर की खराब पड़ी मोटर को मंगलवार दोपहर तक ठीक करा दिया। जबकि बूस्टर की मोटर पर काम शुरू कराने के बाद ही महिलाओं ने जाम खोला।
पूरे शहर में चल रही पानी की राशनिंग, एक दिन छोड़ आ रहा पानी
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने जलघरों में पर्याप्त भंडारण नहीं होने की वजह से पूरे शहर में पानी की राशनिंग लागू कर दी है। एक दिन छोड़कर एक दिन घरों में पानी आ रहा है। ऐसी स्थिति में पूरा शहर जलसंकट से घिरा है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी भी शहरवासियों से पानी की बर्बादी नहीं करने की अपील कर रहे हैं।
10 अप्रैल को सिर्फ चार दिन के लिए मिलेगा नहरी पानी
सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शेड्यूल के हिसाब से 20 अप्रैल को नहरों में पानी आएगा। लेकिन पानी का संकट देखते हुए नौ अप्रैल की रात को नहरों में पानी आ जाएगा। ये पानी सिर्फ चार दिन ही मिलेगा। इसमें जलघर के टैंकों को भरना ही प्राथमिकता रहेगी। 10 अप्रैल से जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग अपने पंपिंग स्टेशनों के जरिए जलघर टैंकों में नहरी पानी का पर्याप्त भंडारण बनाने में जुट जाएगा। इसकी तैयारियां अभी से की जा रही हैं।
नगर परिषद के साथ मिलकर शहरी दायरे में रोजाना की जाएगी 25 से 30 पानी टैंकरों की आपूर्ति
जलसंकट को देखते हुए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की शहरी पेयजल शाखा ने नगर परिषद के साथ मिलकर पानी के टैंकरों की आपूर्ति का भी शेड्यूल बनाया है। फिलहाल रोजाना पांच से सात पानी के टैंकर ही भेजे जा रहे हैं, जबकि जल्द ही ये संख्या 10 तक कर दी जाएगी। इसके अलावा नगर परिषद के साथ मिलकर गर्मी के दौरान रोजाना 25 से 30 पानी के टैंकरों को पेयजल आपूर्ति में लगाया जाएगा। इन टैंकरों को नजदीकी स्टेशनों से ही रिफिल भी कराया जाएगा। ताकि पानी की आपूर्ति में ज्यादा समय न लगे।
दादरी गेट बूस्टर की खराब मोटर को ठीक करा दिया है। अब दादरी गेट क्षेत्र में पानी का कोई संकट नहीं रहेगा। पूरे शहर में पानी की राशनिंग चल रही है। दस अप्रैल को नहरों मेंं चार दिन के लिए अतिरिक्त पानी मिलेगा। इस दौरान जलघर के टैंकों में पानी का भंडारण शुरू कराया जाएगा। इससे पेयजल आपूर्ति सुचारु रखने में थोड़ी राहत मिलेगी। शहरवासियों से भी अपील की जा रही है कि वे पानी की बर्बादी न करें और गर्मी के मौसम में पानी की बचत कर सहयोग करें। -सूरज प्रकाश जैन, एसडीओ, शहरी पेयजल शाखा भिवानी।