दिनोद गेट पर जलस्तर गिराने के लिए किया बोरवेल।
भिवानी। सरकुलर रोड पर पिछले एक माह से अधिक समय से कंपनी के कर्मचारी सीवर लाइन की रुकावट का दूर नहीं कर पाए है। अब तक महज 30 मीटर की सीवर लाइन की सफाई हुई है। अब कर्मचारी भूमिगत जलस्तर को नीचे गिराने में जुटे हैं। इसके लिए दिनोद गेट और हालुवास गेट पर दो-दो बोरवेल किए गए हैं।
अधिकारियों की मानें तो दो दिन बाद जलस्तर नीचे गिर जाएगा, जिसके बाद पेयजल व सीवर लाइन की समस्याएं तलाशी जाएंगी। वहीं बोरवेल की वजह से रोजाना सरकुलर रोड पर जाम लग रहा है, जिसके खुलवाने में ट्रैफिक पुलिस के भी पसीने छूट रहे हैं। सरकुलर रोड दिनोद गेट नीमपाल चौक के समीप देवसर चुंगी के मुख्य डिस्पोजल तक जाने वाली मैन सीवर लाइन में रुकावट बनी है। करीब 100 मीटर सीवर लाइन की रुकावट को दूर करने के लिए पिछले एक माह से अधिक समय से जनस्वास्थ्य विभाग कर्मचारी और दिल्ली की टीम काम पर लगी है। मगर अभी तक सिर्फ 30 मीटर सीवर लाइन की सफाई ही हो पाई है। इसके बाद भूमिगत जलस्तर ऊपर आने से सीवर लाइन में लीकेज से पानी आना नहीं रुक रहा है। इसके लिए आसपास बोरवेल लगाए हैं, जिनके जरिए भूमिगत जलस्तर को नीचे गिराया जा रहा है। यही हाल सरकुलर रोड हालुवास गेट मुख्य सीवर लाइन रुकावट का है। वहां पर भी भूमिगत जलस्तर नीचे गिराने के लिए बोरवेल लगे हैं, जिन्हें चौबीसों घंटे चलाया जा रहा है। फिलहाल दिनोद गेट और हालुवास गेट दोनों जगह का काम ठप पड़ा है।
दिनोद गेट पर पेयजल लाइन की लीकेज रुक गई है। वहीं गहरे सीवर लाइन में भूमिगत जलस्तर परेशानी बना है। जिसे नीचे गिराने के लिए दो बोरवेल किए हुए हैं। यहां पर दो दिन बाद फिर से काम शुरू किया जाएगा। अगर गहरे सीवर लाइन में पाइप लाइन डेमेज मिलती है तो समस्या अधिक बढ़ सकती है।
- सूरजप्रकाश, एसडीओ, एसडीओ शहरी सीवरेज शाखा, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग।