भिवानी। अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले किसान लघु सचिवालय के सामने मुआवजे की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। मंगलवार को गांव रूपगढ़ और नाथुवास के किसानों ने धरने को अपना समर्थन दिया। किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजे की मांग की। इस संबंध में किसानों मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।
किसान सभा के जिला प्रधान रामफल देशवाल, मास्टर शेर सिंह व दिवान सिंह जाखड़ ने कहा कि जब तक जिले की पाले से बर्बाद फसलों सरसों व सब्जियों की विशेष गिरदावरी आदेश नहीं हो जाते, खरीफ बर्बाद फसल 2020 का मुआवजा वितरित नहीं होता तब तक किसान धरना जारी रहेगा। किसानों ने सरपचों, दिव्यांगों व कर्मचारियों की मांगों का भी समर्थन किया। किसान धरने को जाटू खाप का समर्थन मिला है। इस अवसर पर ओमप्रकाश कामरेड, ओम प्रकाश दलाल, ईश्वर यादव रूपगढ़, बलजीत कुमार रूपगढ़, राजबीर यादव , बीरबल नाथूवास, रणधीर नाथूवास, राजकुमार दलाल उपस्थित रहे।
बवानीखेड़ा में जारी रहा धरना
बवानीखेड़ा। कस्बे के तहसील कार्यालय परिसर में अखिल भारतीय किसान सभा ने मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना जारी रहा। मंगलवार को गांव भुरटाना, पुर, खेड़ी दौलतपुर, जमालपुर, बलियाली सहित अनेक गांव के किसानों ने धरने को समर्थन दिया। धरने पर बैठे किसान रामअवतार, वेदप्रकाश ने मांग की कि सरकार विशेष गिरदावरी करवाकर किसानों को बर्बाद फसल का उचित मुआवजा दे। इस अवसर पर राजेश, फूलसिंह, ईश्वर, प्रेम, चरणदास, दीपक, जयप्रकाश, सतबीर, कैलाश उपस्थित रहे। संवाद