बड़दू मुगल गांव में लोगों को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला। संवाद
बहल। पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि वर्तमान भाजपा शासन से समाज का हर वर्ग दुखी और परेशान है। जनता ने भाजपा के लोक लुभावने वादों पर विश्वास कर सत्ता सौंप दी थी। पर अब जनता महंगाई, भ्रष्टाचार और अपराध को झेलने पर विवश है। वर्तमान सरकार की नीतियों में किसान, गरीब व कमेरे वर्ग के लिए कोई राहत नहीं है।
पूर्व सीएम बहल क्षेत्र के बड़दू मुगल गांव में अपने पुराने सहयोगी रहे मा. नंदराम पूर्व सरपंच की 19 वीं पुण्य स्मृति दिवस पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि इनेलो शासन में समाज के हर वर्ग के लिए नीतियां बनती थी। पूर्व सीएम ने कहा कि अब सरकार पीपीपी जैसे सिस्टमों में लोगों को उलझाकर रख दिया है। इससे अनेक बुजुर्ग अपनी पेंशन के लिए धक्के खाने को मजबूर है। पूर्व सीएम का मा. नंदराम के पुत्र प्रदीप कुमार ने स्वागत किया व सम्मानस्वरूप पगड़ी पहनाई। इस अवसर पर पूर्व विधायक ओमप्रकाश बड़वा, पूर्व विधायक धर्मपाल ओबरा, विजय पंचगांवा, सुनील लांबा, भूपसिंह बैराण, जयसिंह पातवान उपस्थित रहे।