तोशाम। एसडीएम डॉ. अशवीर सिंह नैन ने कहा कि 30 अप्रैल तक सरसों की सरकारी खरीद की जाएगी। एसडीएम ने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में बिजली और पानी की व्यवस्थाओं के साथ-साथ किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। पानी और बिजली के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए।
उन्होंने किसानों से आह्वान करते हुए कहा कि वे सरसों को सुखाकर, साफ करके मंडी में लाएं। उन्होंने कहा कि सरसों खरीद कार्य के साथ-साथ उठान का कार्य भी सुचारू रूप से चल रहा है। मंडी में खरीद कार्य निर्बाध रूप से चलता रहे।
उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से निर्धारित सरसों का 5,950 रुपये प्रति क्विंटल सरकारी रेट से खरीद की जा रही है। कोई भी किसान आकर अपनी फसल मंडी में टोकन कटवाकर बेच सकता है। इस मौके पर हरियाणा वेयर हाउसिंग से धर्मबीर सिंह, रविराज, मंडी प्रधान सुनील दलाल, चेतन शर्मा, सुरेश लाठर, सज्जन, सचिन, जितेन्द्र बबलू सहित विभिन्न किसान व आढ़ती मौजूद रहे।
एसडीएम ने लोहारू व ढिगावा अनाज मंडी में लिया खरीद प्रक्रिया का जायजा
लोहारू। एसडीएम मनोज दलाल ने लोहारू और ढिगावा की अनाज मंडी का दौरा कर खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। एसडीएम ने कहा कि सरसों खरीद का कार्य पूर्ण पारदर्शिता से किया जाए। किसान को अपनी फसल बेचने में कोई भी असुविधा नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने खरीद के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सरसों की खरीद व्यवस्था को लेकर एसडीएम ने अनाज मंडी में आढ़तियों और किसानों के साथ बातचीत की। उन्होंने सरसों खरीद की बारीकी से जानकारी ली। एसडीएम ने खरीद एजेंसी के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जो सरसों की ढेरी साफ सुथरी हो उसकी तुरंत बोली लगाकर खरीद करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मंडी में बिजली और पानी की व्यवस्थाओं के साथ साथ किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मार्केट कमेटी के सचिव अनिल कुमार ने बताया कि सोमवार को 6,710 क्विंटल सरसों की आवक हुई है जबकि 6,663 क्विंटल सरसों की खरीद की गई है।
उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से 5,950 रुपये प्रति क्विंटल सरकारी रेट से खरीद की जा रही है। मार्केट कमेटी के सचिव अनिल कुमार ने बताया कि मंडी क्षेत्र का कोई भी किसान अपनी फसल सरकारी रेट पर मंडी में भेज सकता है। लेकिन उसने अपनी फसल का मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन किया हो।