दुबई में आयोजित हुए यूथ एशियन खेल प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ी को सम्मानित करते विधायक राजबी
भिवानी। दुबई में हुए यूथ एशियन पैरा गेम्स में शॉटपुट (गोला फेंक) और डिस्कस थ्रो (चक्का फेंक) स्पर्धाओं में दो कांस्य पदक जीतकर लौटीं मुस्कान श्योराण को लोहारू से विधायक राजबीर फरटिया ने स्थानीय विद्या नगर स्थित उनके निवास पर पहुंचकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुस्कान श्योराण इससे पहले सीनियर नेशनल प्रतियोगिता में दो बार स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।
इसके अलावा जूनियर नेशनल में भी उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया है। खेलो इंडिया गेम्स में भी मुस्कान स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। विधायक राजबीर फरटिया ने कहा कि मुस्कान ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत, लगन और जज्बे के बल पर जो मुकाम हासिल किया है, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर मुस्कान ने न केवल अपने क्षेत्र, बल्कि पूरे प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। उनके हौसले और जज्बे को सलाम है। विधायक ने कहा कि आज की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और सरकार व समाज का दायित्व है कि ऐसी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में हर संभव मदद की जाए, ताकि वे ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर देश के लिए स्वर्ण पदक जीत सकें। मुस्कान की यह उपलब्धि अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
मूल रूप से गांव पहाड़ी व वर्तमान में विद्या नगर निवासी मुस्कान के पिता रमेश श्योराण ने बेटी के संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा कि एक पिता के लिए इससे बड़ा गर्व और क्या हो सकता है कि उसकी बेटी को उसकी मेहनत के दम पर पहचान मिल रही है। उन्होंने बताया कि मुस्कान ने दिन-रात अभ्यास किया, कभी हार नहीं मानी और उसकी प्रतिभा को निखारने में उसके कोच का अहम योगदान रहा है। उन्हें पूरा विश्वास है कि मुस्कान भविष्य में भी अपनी मेहनत जारी रखेगी और विश्व चैंपियनशिप व पैरा-ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर स्वर्ण पदक जीतेगी। इस मौके पर राजपूत समाज के प्रधान बृजपाल पप्पू, डॉ. जयपाल, राजेश बड़ेसरा, राजेश सांगवान, बलवान डीपीई और योगेंद्र प्रजापत मौजूद रहे।