भिवानी। गांव अलाउद्दीनपुर निवासी अधेड़ राधेश्याम की मौत के मामले में पुलिस ने फाइनेंसरों के खिलाफ हत्या में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों की टीम से कराया गया। पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया।
मृतक राधेश्याम के बेटे ललित उर्फ दीपक ने बताया था कि उनके पिता राधेश्याम ने फाइनेंसर संजय से दस हजार रुपये चार माह के लिए पांच प्रतिशत ब्याज के दर पर लिए थे। फाइनेंसर संजय और शालू वीरवार को रुपये लेने के लिए उनके घर पर आए और उनके पिता को बाइक से बैठाकर अपने ऑफिस में ले गए। कुछ समय बाद उनके पिता आरोपी संजय के ऑफिस के बाहर बेसुध हालत में मिले। नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया तो चिकित्सकों ने उनके पिता को मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में सूचना पुलिस को दी गई। शुक्रवार को पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए और पोस्टमार्टम करवाकर शव वारिसों को सौंप दिया।
प्रभारी बोले
मृतक के परिजन के बयान दर्ज कर चिकित्सकों के टीम से पोस्टमार्टम कार्रवाई की और शव परिजनों को सौंप दिया। इस संबंध में दो आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। - निरीक्षक विद्यानंद, प्रभारी, लोहारू पुलिस थाना।