लोहारू के मुख्य बाजार में फोगिंग करते लोहारू नगरपालिका कर्मचारी।
लोहारू। मौसम परिवर्तन के साथ इलाके में बढ़ रहे मच्छरों की मात्रा को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। नगर पालिका कर्मचारियों की ओर से पिछले चार दिनों से बस्ती और रिहायशी इलाकों में नियमित रूप से फॉगिंग करवाई जा रही है। सोमवार को मुख्य बाजार और वार्ड नंबर 9 में फॉगिंग करवाई गई। नपा सचिव तेजपाल सिंह ने बताया कि मौसम परिवर्तन के साथ ही इलाके में कई स्थानों पर मच्छरों की संख्या बढ़ गई तथा इन दिनों डेंगू और मलेरिया फैलने की भी आशंका बनी रहती है। इस समस्या से शहरवासियों को निजात दिलाने के लिए नगरपालिका कर्मचारियों द्वारा शुक्रवार से फोगिंग अभियान की शुरुआत की गई थी। उन्होंने बताया कि अब करीब सात से आठ वार्डों में फॉगिंग का कार्य पूरा कर लिया है।
आज से प्रतिदिन दो घंटे लगेगा समाधान शिविर
नपा सचिव तेजपाल सिंह ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के आदेशानुसार शहर के लोगों की नगरपालिका संबंधी शिकायतों के निपटान के लिए प्रतिदिन सुबह नगर पालिका कार्यालय में समाधान शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मंगलवार से नगर पालिका कार्यालय में समाधान शिविर शुरू किए जाएंगे। इनमें लोगों नगरपालिका संबंधित शिकायतों का समाधान किया जाएगा।