फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: नगरपालिका कर्मचारी आज से तीन दिन की हड़ताल पर

विज्ञापन
लंबित मांगों को लेकर नगरपालिका सचिव को ज्ञापन सौंपते प्रदेश सचिव पुरुषोत्तम दानव व अन्य।
विज्ञापन
लोहारू। हरियाणा नगरपालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर नगरपालिका लोहारू के कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर 6 से 8 अगस्त तक तीन दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। बुधवार को कर्मचारियों ने सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेश सचिव पुरुषोत्तम दानव और जिला प्रधान शेर सिंह के नेतृत्व में नगरपालिका सचिव को ज्ञापन सौंपकर मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की।
विज्ञापन

ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि मांगों को लेकर कई बार सरकार से बातचीत हो चुकी है लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इसके चलते कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने बताया कि प्रदेशव्यापी हड़ताल के दौरान नगरपालिकाओं, नगर परिषदों और नगर निगमों में कार्यरत कर्मचारी शामिल रहेंगे। हड़ताल से सफाई व्यवस्था, सीवर संचालन, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और अन्य नगरपालिका सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
कर्मचारी नेताओं ने मांग की कि सभी कच्चे कर्मचारियों को नियमित किया जाए, ठेका प्रथा समाप्त कर कर्मचारियों को सीधे विभाग के अधीन नियुक्ति दी जाए। इसके अलावा समान कार्य के लिए समान वेतन, जोखिम भत्ता, एक्सग्रेशिया नीति का लाभ, बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, ईएसआई से वंचित कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा, दुर्घटना बीमा, समय पर वेतन भुगतान और पुरानी पेंशन जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिया जाए।
विज्ञापन

प्रदेश सचिव पुरुषोत्तम दानव ने कहा कि नगरपालिका कर्मचारी लगातार शहरों की स्वच्छता, सीवर व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, इसके बावजूद उनकी जायज मांगों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। आगामी चरण में प्रदेश स्तर पर बड़े प्रदर्शन और अनिश्चितकालीन आंदोलन का निर्णय लिया जा सकता है।
जिला प्रधान शेर सिंह ने कहा कि कर्मचारी एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगे और मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कर्मचारियों से हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर लोहारू इकाई के प्रधान आशु वाल्मीकि, उपप्रधान अशोक वाल्मीकि, सचिव श्यामसुंदर, अनिल और राजेंद्र दरोगा मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें