संवाद न्यूज एजेंसी
भिवानी। शहर में नगर परिषद की कीमती भूमि पर लोगों के अवैध रूप से कब्जे हैं। रविवार को उत्तम नगर कॉलोनी में नगर परिषद ने कंप्यूटराइज मशीन से नगर परिषद की भूमि की पैमाइश कराई। राजस्व विभाग के पटवारी व कानूनगो की अगुवाई में नगर परिषद की भूमि की निशानदेही भी करवाई गई। पैमाइश में अकेले उत्तम नगर में करीब पौने दो एकड़ भूमि मिली है। जिसमें से कुछ भूमि पर अवैध रूप से कब्जा है।
भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के बाद नगर परिषद इस पर चहारदीवारी का निर्माण कराएगा। इसके बाद जल्द ही शहर के अन्य हिस्सों में नगर परिषद भूमि की पैमाइश करवाई जाएगी। नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह ने कहा कि कब्जाधारी या तो नगर परिषद की जमीन को खाली कर दे, नहीं तो जल्द ही बुलडोजर चलवा इस भूमि को खाली करवाया जाएगा। नगर परिषद की तरफ से इसकी प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है।
रविवार सुबह दस बजे नगर परिषद के चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह अधिकारियों की टीम को साथ लेकर उत्तमनगर पहुंचे। वहां पर उन्होंने नगर परिषद की भूमि की पैमाइश करवाने का शुरू करवाया। तहसील कार्यालय से पटवारी संदीप और कानूनगो राजेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। उनकी अगुवाई में उत्तम नगर में जमीन की पैमाइश करवाई तो वहां पर नगर परिषद की करीब पौने दो एकड़ भूमि निकली।
जिस पर जल्द ही चहारदीवारी का निर्माण कराए जाने के निर्देश दिए। इनके अलावा शहर में जहां पर भी नगर परिषद की जमीन है, उस सभी जमीन की पैमाइश करवा चहारदीवारी कराई जाएगी। शहर के बाकी हिस्सों में भूमि की पैमाइश करवाए जाने की प्रक्रिया नगर परिषद की ओर से शुरू कर दी गई है। पैमाइश होने के बाद उक्त भूमि से अवैध कब्जों को हटवाया जाएगा। इस मौके पर पार्षद सुभाष तंवर, संदीप यादव, प्रवीण, सोनू गुर्जर, सुनील जांगड़ा के अलावा अनेक लोग मौजूद रहे।
नगर परिषद की भूमि पर 6 दुकान और एक मकान का हो चुका अवैध निर्माण
पैमाइश के दौरान उत्तम नगर इलाके में छह दुकान व एक मकान का निर्माण नगर परिषद की भूमि पर मिला। हालांकि मकान में नगर परिषद की जमीन ज्यादा नहीं निकली, लेकिन दुकानों में नगर परिषद की जमीन ज्यादा पाई गई। उन सभी पर निशान लगाए गए हैं।
शहर के अन्य हिस्सों में भी होगी नगर परिषद भूमि की पैमाइश
नगरपरिषद के चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह ने बताया कि शहर में किसी भी जगह पर नगर परिषद की भूमि पर कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। जितनी नगर परिषद की भूमि है, उसका पूरा रिकॉर्ड तैयार करवाया गया है। सजरा व अन्य कागजातों के आधार पर जमीन की निशानदेही करवाई जाएगी। अगर किसी इलाके में उस जमीन पर कब्जा पाया जाता है तो उस जमीन पर बुलडोजर चलवाकर खाली करवाया जाएगा। नगर परिषद की जमीन पर कहीं पर कब्जा नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति ने जाने या अनजाने में नगर परिषद की जमीन पर कब्जा कर लिया है तो वे वह खुद उसको हटा ले, नहीं तो बुलडोजर अपने आप उस जमीन को खाली करवा लेगा।
वर्सन:::
रविवार को उत्तम नगर इलाके में जमीन की पैमाइश करवाई गई है। वहां पर नगर परिषद की करीब पौने दो एकड़ के आसपास भूमि निकली है। उस भूमि पर जल्द ही चहारदीवारी करवाई जाएगी। कुछ हिस्से में अवैध कब्जा भी मिला है। उसे भी हटवाया जाएगा।
-भवानी प्रताप सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि, नगर परिषद भिवानी।