भिवानी। डीआरडीए हॉल में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में सांसद धर्मबीर सिंह और हिसार के सांसद जयप्रकाश ने मानसून के आगमन से पहले आबादी क्षेत्र और खेतों से पानी निकासी के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए। बैठक में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद धर्मबीर सिंह, हिसार के सांसद जयप्रकाश, बवानीखेड़ा से विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि और डीसी साहिल गुप्ता मौजूद रहे।
बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से संबंधित 45 एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा लाभार्थियों तक समय पर लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए। सांसद धर्मबीर सिंह ने सिंचाई विभाग को निर्देश दिए कि भिवानी-घग्घर ड्रेन और समैण-धनाना ड्रेन की क्षमता बढ़ाई जाए तथा दोनों ओर मिट्टी डालकर बर्म को मजबूत किया जाए ताकि पानी के दबाव से टूटने की स्थिति न बने। उन्होंने पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव संभावित गांवों में तालाब ओवरफ्लो न हों और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, खाद्य एवं आपूर्ति, ग्रामीण विकास, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा मत्स्य विभाग की योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। इसके साथ ही बिजली, पेयजल, सड़क, रेलवे और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति पर भी जानकारी ली गई। इस अवसर पर एसडीएम भिवानी महेश कुमार, तोशाम के एसडीएम संदीप कुमार, लोहारू के एसडीएम मनोज दलाल, सिवानी की एसडीएम विजया मलिक तथा डीएमसी हरबीर सिंह मौजूद रहे।
खरक व बामला बाईपास और लोहारू रोड को फोरलेन बनाने के एस्टीमेट बनाने के दिए निर्देश
सांसद धर्मबीर सिंह ने बैठक के दौरान खरक व बामला बाईपास और लोहारू तक सड़क को फोरलेन बनाने का एस्टीमेट अतिशीघ्र भिजवाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार तिगड़ाना मोड़ से जुई नहर और ऑटो मार्केट देवीलाल चौक से दादरी रोड पर गांव हालुवास से आगे बाईपास चौक पर फ्लाईओवर बनाने के कार्य की औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने को कहा।
बैठक में विधायक कपूर ने बवानीखेड़ा की रखी समस्याएं
बवानीखेड़ा से विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने कहा कि बवानीखेड़ा सामान्य अस्पताल का भवन जर्जर हो चुका है ऐसे में वहां से अस्पताल का कुछ हिस्सा फायर ऑफिस में शिफ्ट किया जा सकता है। उन्होंने बाबा जरनानाथ मंदिर का पुनर्निर्माण करवाने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि गांव जाटू लोहारी से बलियाली मार्ग पर रेलवे लाइन के नीचे जमा होने वाले पानी के समाधान का टेंडर हो चुका है जिस पर शीघ्र कार्य शुरू होगा। उन्होंने खेत-खलियान के तहत रास्तों को पक्का करने के कार्य में तेजी लाने की बात भी कही। बैठक में एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने एजेंडा प्रस्तुत किया।