नशा मुक्त अभियान के तहत गांव बीरण में ग्रामीणों से बातचीत करते एसपी नीतीश अग्रवाल।
भिवानी। समाज को नशीले पदार्थों की लत से मुक्त करने व एक स्वस्थ, जागरूक तथा सशक्त समाज का निर्माण करने के उद्देश्य से जिला पुलिस की ओर से नशामुक्त गांव अभियान चलाया हुआ है। इसके तहत पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की ओर से गांव-गांव जाकर ग्रामीणों विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रहने और खेलों को अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
इसी कड़ी में नशा मुक्त गांव अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल गांव बीरण में पहुंचे। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहते हुए खेलों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने बच्चों के अभिभावकों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों की सभी गतिविधियों पर विशेष नजर रखें, ताकि उन्हें गलत संगत में पड़ने से बचाया जा सकें।
गांव के सरपंच प्रतिनिधि जोगेंद्र सिंह ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष गांव बीरण में एसपीओ नियुक्ति करने की मांग उठाई, ताकि वे एसपीओ बच्चों को खेल अपनाने के लिए प्रेरित करने के अलावा नशे से संबंधित गतिविधियों पर नजर रखकर उसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दे सकें तथा गांव बीरण में नशे पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया जा सकें। सरपंच प्रतिनिधि की मांग पर पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि वे उनकी मांग को जल्द पूरा करेंगे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने कहा कि नशा मुक्त गांव अभियान का मुख्य लक्ष्य ना केवल व्यक्तिगत, बल्कि पूरे समाज की बेहतरी सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर सरपंच सुल्तान सिंह, पंच ओमप्रकाश, कृष्ण लाल सैनी, हेड मास्टर रविकांत, सतबीर सिंह, अनिल कुमार, रामकिशन, दीपक, जगीत, रामनिवास, संतलाल, देवेंद्र, जयनारायण मौजूद रहे।