भिवानी। शहर के औद्योगिक सेक्टर की हरित पट्टी के पास ऑटो रिक्शा में सवार एक युवक से रुपये और फोन छीनने का आरोप है। मामले की शिकायत मिलने पर औद्योगिक थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है।
टीआईटी कॉलोनी निवासी विवेक ने औद्योगिक पुलिस थाने में शिकायत दी। इसमें बताया कि वह एक मिल में बिजली का काम करता है। बीती 27 दिसंबर की रात करीब 10 बजे वह कलानौर जाने के लिए बस स्टैंड पर पहुंचा था। इस दौरान उसने एक ऑटो रिक्शा वाले से कलानौर छोड़ने के लिए बोला तो उसने ज्यादा किराया मांगा। इसलिए वह पैदल चलकर दूसरे वाहन का इंतजार करने लगा। इसी दौरान वह राधास्वामी सत्संग भवन के पास पहुंचा तो ऑटो उसके पास आया और चालक ने उसे बैठा लिया। ऑटो में एक अन्य युवक भी पहले से बैठा था।
इसके बाद चालक ने कुछ काम बताकर ऑटो रिक्शा को औद्योगिक सेक्टर की तरफ मोड़ दिया। थोड़ी दूर जाने के बाद आरोपियों ने उसे लूटने का प्रयास किया। इसका विरोध करने पर कुल्हाड़ी से हमला कर धमकाया गया। इसके बाद उसकी जेब से दो हजार रुपये और दो मोबाइल फोन छीन कर आरोपी भाग गए। वह किसी लड़के को आशु बामण बोल रहे थे। विवेक की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ छीनाझपटी का केस दर्ज किया है।
बवानीखेड़ा से मां-बेटा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता
बवानीखेड़ा। कस्बा से एक महिला और उसका दो साल का बेटा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए।
कस्बा निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि उसकी 27 वर्षीय पत्नी और दो वर्ष का बेटा मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। उसने दोनों को तलाशने के लिए वार्ड, पड़ोस और पूरे शहर सहित रिश्तेदारियों में हर जगह ढूंढा लेकिन उनका कहीं भी अता पता नहीं चला। व्यक्ति ने बताया कि उसकी पत्नी का मोबाइल फोन भी बंद बता रहा है। इसलिए उसने थाना बवानीखेड़ा में मामले की शिकायत दी। महिला के पति की शिकायत पर पुलिस ने उन दोनों की गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।