भिवानी पुलिस लाइन में महिला पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण देते पुलिस अधिकारी।
भिवानी। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोमवार को पुलिस लाइन परिसर में जिले की पुलिस कंपनियों को दंगा निरोधक टीम बनाकर माॅक ड्रिल का अभ्यास करवाया गया। मॉक ड्रिल में महिला पुलिस बल की टुकड़ियों ने भी स्पेशल माॅक ड्रिल की। इस दौरान पुलिस बल को जिले में किसी भी अप्रिय घटना के समय कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया। जरूरत पड़ने पर यह पुलिस बल हमेशा तैयार रहेगा। राइडर व नाका पर तैनात सात पुलिस कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
माॅक ड्रिल में उप पुलिस अधीक्षक अधिकारियों से लेकर सिपाही स्तर तक सभी के सभी पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया है। इस दौरान कर्मचारियों को भीड़ तितर-बितर करने व दंगा निरोधक गतिविधियों पर काबू पाने के बारे में बताया गया। इसके अलावा विशेषज्ञों की टीम द्वारा पुलिस कर्मचारियों को भीड़ को खदेड़ने के लिए कैन शील्ड व डंडे के साथ अभ्यास करवाया गया। असामाजिक तत्व द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने पर उनसे सख्ती से निपटाने के साथ कानूनी कार्यवाही के तहत बल प्रयोग करने के बारे में भी प्रशिक्षित किया गया।
पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने कहा कि जिला पुलिस की ओर से समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। दससे आपात परिस्थितियों में निपटा जा सके। आपराधिक वारदात होने पर अपने उच्च अधिकारियों से तुरंत संपर्क करें। लॉ एंड ऑर्डर कंपनी को कानून व्यवस्था की विकट परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिस लाइन में प्रत्येक सोमवार को अभ्यास कराया जा रहा है। अभ्यास के दौरान जवानों ने दंगा निरोधक उपकरण, लाठी-डंडा, कैन शील्ड सहित जवानों को दंगा निरोधक उपकरण का बारीकी से अभ्यास कराया गया है। अपने अधिकारी के आदेशों की दृढ़ता के साथ पालन करें। अपने उच्च अधिकारियों से संपर्क में रहे तथा स्थिति से अवगत कराते रहे।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने राइडर नंबर एक पर तैनात एसपीओ राजकुमार व जसबीर को शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने व इलाके में गश्त कर कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। राइडर नंबर- 11 पर तैनात एसपीओ रोशन व अशोक को गांव नंदगांव में उपलों में लगी आग को ग्रामीणों के साथ मिलकर बुझाने के मामले में प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। राइडर नंबर- 17 पर तैनात एसपीओ अजय व राजबीर को राजस्थान के राजगढ़ से चांदी चोरी करके ला रहे आरोपियों को पकड़ने के मामले में प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। लोहानी नाका पर तैनात एसपीओ मदन को अवैध शराब की गाड़ी पकड़ कर 204 पेटी अवैध शराब अंग्रेजी व बीयर पकड़ने के मामले में प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।