विश्व स्तरीय मुक्केबाजी मुकाबले में पदक विजेता सचिन सिवाच।
भिवानी। ब्राजील में चल रहे विश्व मुक्केबाजी कप में भिवानी जिले के गांव मिताथल निवासी सचिन सिवाच ने पहले मुकाबले में कांस्य पदक जीता है। सचिन सिवाच का अब अगला मुकाबला कजाकिस्तान में होगा।
बता दें कि पेरिस ओलंपिक के बाद पहली बार आयोजित होने वाली इस विश्व मुक्केबाजी कप में जूनियर खिलाड़ी सचिन सिवाच ने यह पहली जीत हासिल की है। विश्व मुक्केबाजी कप में भारतीय पुरुष मुक्केबाजी टीम की दस सदस्यीय टीम शामिल हो रही है। इसमें भिवानी के दो मुक्केबाज शामिल हैं। जिनमें मिताथल का सचिन सिवाच और दूसरा जुगनू है। 60 किलो भार वर्ग में सचिन सिवाच की इस उपलब्धि पर परिजनों ने भी खुशी जताई है। एडवोकेट राजनारायण पंघाल ने बताया कि हरियाणा के पांच मुक्केबाज भारतीय सेना में हैं। दस सदस्यीय टीम का प्रतिनिधित्व मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल कर रहे हैं।