भिवानी के राजकीय कन्या विद्यालय का मुख्य द्वार।
भिवानी। शिक्षा विभाग की ओर से चलाए जा रहे मिशन बुनियाद कार्यक्रम के तहत जिले में स्तर-2 की परीक्षा 28 जनवरी मंगलवार को आयोजित की जाएगी। विभाग की ओर से लेवल एक की परीक्षा का परिणाम घोषित किया जा चुका है।
लेवल एक की परीक्षा में उत्तीर्ण हुए विद्यार्थी लेवल दो की परीक्षा देंगे, जो जिलास्तर पर होगी। इस परीक्षा के लिए जिले में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
दरअसल, स्कूल शिक्षा विभाग प्रत्येक वर्ष मिशन बुनियाद के तहत कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। मिशन बुनियाद कार्यक्रम के तहत छात्रों को विभिन्न तरह सुविधाएं दी जाती हैं। इसमें चयनित होने वाले बच्चों का पूरा खर्च प्रदेश सरकार उठाती है और इनकी कक्षाएं कुरुक्षेत्र में लगाई जाती हैं।
मिशन बुनियाद योजना का लाभ नौवीं से 12वीं कक्षा तक मिलता है। इसके तहत छात्रों को एनडीए और एनटीएसई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। 986 विद्यार्थी जिला स्तर पर होने वाली मिशन बुनियाद की परीक्षा देंगे।
दो घंटे की होगी परीक्षा
लेवल दो की परीक्षा सुबह 11:30 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक होगी। दो घंटे की परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर एक घंटा पहले आना होगा। देरी से आने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए किसी प्रकार का अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा।
मंगलवार को मिशन बुनियाद के दूसरे स्तर की परीक्षा का आयोजन करवाया जाएगा। यह परीक्षा जिला स्तर पर आयोजित होगी। इसमें पहले स्तर की परीक्षा पास करने वाले 986 विद्यार्थी भाग लेंगे। - रोहित इंदौरा, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, भिवानी।