भिवानी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाने के उद्देश्य से संचालित मिशन बुनियाद के दूसरे चरण की प्रवेश परीक्षा कल आयोजित होगी। इस बार परीक्षा के प्रश्नपत्र के पैटर्न में बदलाव किया गया है। निदेशालय की ओर से किए गए परिवर्तन के तहत अब लेवल-2 की परीक्षा में वैकल्पिक (ऑब्जेक्टिव) प्रश्नों की जगह सब्जेक्टिव प्रश्न पूछे जाएंगे। जिले में इस परीक्षा के लिए कुल पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
दरअसल, मिशन बुनियाद के दूसरे चरण की परीक्षा में विद्यार्थियों को पूरा प्रश्नपत्र हल करना होगा और किसी भी प्रश्न के विकल्प नहीं दिए जाएंगे। परीक्षा कुल 50 अंकों की होगी जिसके लिए विद्यार्थियों को 75 मिनट का समय मिलेगा। मिशन बुनियाद लेवल-1 की प्रवेश परीक्षा का परिणाम 20 जनवरी को घोषित किया गया था। इस परीक्षा में कुल 2880 विद्यार्थियों ने भाग लिया था जिनमें से 1027 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए।
लेवल-1 में सफल रहे विद्यार्थी अब 30 जनवरी को आयोजित होने वाली बुनियाद लेवल-2 की परीक्षा में भाग लेंगे। परीक्षा को लेकर विद्यार्थी तैयारी में जुटे हुए हैं। विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर एक घंटा पहले पहुंचना अनिवार्य होगा। साथ ही एडमिट कार्ड के साथ आधार कार्ड लेकर जाना भी जरूरी किया गया है। परीक्षा में किए गए बदलावों की जानकारी विद्यार्थियों को दी जा रही है।