शहर के सभी कॉलेजों में विभिन्न कोर्सों के लिए कट ऑफ सूची जारी कर दी गई। सुबह नौ बजे से ही नोटिस बोर्ड पर लगी मेरिट सूची को देखने के लिए विद्यार्थियों की भीड़ उमड़ी। मेरिट लिस्ट में नाम आने पर जहां कुछ विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी नजर आई। वहीं कुछ विद्यार्थियों को अब अगली कट ऑफ लिस्ट का इंतजार करना पड़ेगा।
सोमवार को कॉलेजों में दाखिलों के लिए सफल आवेदकों की मेरिट सूची जारी की गई। साइंस व कला संकाय में सीटों से तीन से चार गुणा आवेदन किए जाने से विद्यार्थियों के बीच काफी स्पर्धा है। औसतन एक सीट के लिए चार से पांच आवेदकों में सीधा मुकाबला होगा। पहली कट ऑफ लिस्ट में जहां बीएससी नॉन मेडिकल के लिए सबसे ज्यादा कट ऑफ रही। तो कला संकाय में दाखिलों के लिए विद्यार्थियों ने शहर के कॉलेजों में ज्यादा रुचि दिखाई। वहीं सेल्फ फाइनेंस कोर्सों बीकॉम, बीबीए, बीसीए आदि की ओर आवेदकों की संख्या कम रही।
वैश्य कॉलेज के प्राचार्य डा. डीएस राजन व आदर्श कॉलेज की प्राचार्या अरूणा सचदेव ने बताया कि मेरिट लिस्ट में नाम दर्ज कराने वाले विद्यार्थी आठ जुलाई तक अपना दाखिला करा सकते हैं। इसके लिए विद्यार्थी अपने मूल दस्तावेज की वेरिफिकेशन कराकर तय शेड्यूल के तहत अपनी फीस जमा करा दे। अन्यथा दूसरी कट ऑफ जारी होने पर उनकी सीट अगले आवेदक को दे दी जाएगी।
फीस जमा कराने के लिए बनाई पांच विंडो
राजीव गांधी महिला महाविद्यालय में दाखिलों के लिए फीस जमा करवाने के लिए पांच केंद्र स्थापित किए गए है। इनमें दो कला संकाय, दो साइंस व एक विंडो पर कामर्स संकाय के कोर्सों की फीस जमा कराई जा सकती है। महाविद्यालय की कार्यकारी प्राचार्या सुदेश ने बताया कि छात्राओं को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए पांच अलग-अलग विंडो बनाई गई। जिन छात्राओं को नाम मेरिट लिस्ट में शामिल है, वो विंडो से अपना चालान लेकर वहीं पर फीस जमा करा सकती है।