भिवानी। विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए छूटे पात्र नागरिक 20 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में नगराधीश अनिल कुमार की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित उनके कार्यालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में नगराधीश ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के लिए राजनीतिक दलों से सहयोग मांगा। साथ ही बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा के अनुसार दर्ज कराई जाएं। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए ताकि पुनरीक्षण का कार्य निष्पक्ष और त्रुटिरहित ढंग से पूरा हो सके। बैठक में एसडीएम भिवानी महेश कुमार, एसडीएम तोशाम संदीप कुमार, एसडीएम लोहारू मनोज दलाल और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
गणना प्रपत्र जमा नहीं कराने वाले भी कर सकेंगे आवेदन
नगराधीश ने बताया कि जिन मतदाताओं को गणना प्रपत्र जारी किए गए थे लेकिन निर्धारित समय-सीमा में उनके प्रपत्र वापस नहीं मिले और इस कारण उनके नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके, वे अब दोबारा आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 20 नवंबर तक सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने अपात्र और मृत मतदाताओं के नामों की भी नियमानुसार जांच करने को कहा। अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस कार्य को गंभीरता से करें, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।