अमर शहीद राजेश कुमार की प्रतिमा को नमन करतीं मंत्री श्रुति चौधरी।
कैरू। महिला बाल विकास एवं सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने शुक्रवार को गांव कैरू में शहीद राजेश कुमार को नमन किया। उन्होंने शहीद की मूर्ति का अनावरण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस के सहायक कमांडेंट कप्तान सिंह की सैनिक टुकड़ी मौजूद रही।
स्कूलों के विद्यार्थियों ने ''शहीद राजेश कुमार अमर रहे'' के नारे लगाए। श्रुति चौधरी ने कहा कि शहीदों का सर्वोच्च बलिदान देश की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने जवानों के अदम्य साहस और समर्पण की सराहना की। शहीद किसी एक परिवार या गांव के नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र का गौरव होते हैं। मंत्री ने युवा शक्ति को शहीदों के जीवन-मूल्यों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कैरू स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय के वार्षिक खेल समारोह में भी भाग लिया। वहां छात्राओं से संवाद कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विजेताओं को पदक पहनाकर सम्मानित किया। इसी दिन भिवानी के गांव जुई में मंत्री ने हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया।
शहीदों का बलिदान और युवा प्रेरणा
श्रुति चौधरी ने कहा कि यह संगठन संस्कार, अनुशासन और सेवा की अविरल धारा है। कैडेट्स ने कोरोना काल में जनसेवा और पौधारोपण में सराहनीय योगदान दिया। मंत्री ने बताया कि स्काउट्स एवं गाइड्स बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अनुशासन अपनाने और अपनी ऊर्जा देशहित में लगाने का आह्वान किया।
सामाजिक सद्भाव और प्राकृतिक खेती
सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि देश ने विकास में प्रगति की है, पर सामाजिक सद्भाव जरूरी है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक बुराइयों को दूर करने की अपील की। साथ ही प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में हवन-यज्ञ, स्काउट प्रार्थना और लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। राज्य सचिव नवीन जयहिंद ने अतिथियों का स्वागत किया।