अनाज मंडी का निरीक्षण कर बाजरे की खरीद व्यवस्था का जायजा लेतीं मंत्री श्रुति चौधरी
जूई। कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने शनिवार को जूई अनाज मंडी का निरीक्षण कर बाजरा खरीद व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बाजरे का निर्धारित भाव 2900 रुपये प्रति क्विंटल है जिसमें खरीद एजेंसी 2300 रुपये देगी और 600 रुपये भावांतर भरपाई योजना के तहत किसानों के खातों में आएंगे।
मंत्री ने कहा कि किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है, सरकार उनके हितों के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में 24 फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद की जा रही है। उन्होंने मार्केट कमेटी के अधिकारियों को मंडी में पेयजल, सफाई सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि किसानों और आढ़तियों को परेशानी न हो।
श्रुति चौधरी ने टोकन कटवाने की प्रक्रिया सुचारू रखने और किसानों को सहयोग देने पर जोर दिया। उन्होंने किसानों से मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर फसल का पंजीकरण करवाने, कृषि योजनाओं का लाभ लेने और पराली नहीं जलाने की अपील की। इस दौरान मार्केट कमेटी अध्यक्ष मेजर मीर सिंह, सिंचाई विभाग के अधिकारी और विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे। इसके बाद श्रुति चौधरी अपने पैतृक गांव गोलागढ़ पहुंचीं और अनूप के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।