फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: एसएलसी व रिजल्ट नहीं दिए जाने पर मंत्री ने डीईओ को दिए स्कूल संचालिका पर एफआईआर दर्ज कराने के आदेश

Tue, 26 Sep 2023 11:33 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। पंचायत भवन में मंगलवार को जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने की। बैठक में कुल 12 परिवाद रखे गए। इनमें कुछ परिवादों का तो समाधान हो गया, जबकि कुछ परिवादों में मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। निजी स्कूल बंद होने पर बच्चे की एसएलसी व रिजल्ट नहीं दिए जाने के मामले में मंत्री ने कड़ा संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को संबंधित स्कूल संचालिका के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए। वहीं गांव किरावड़ निवासी राजबाला के मामले में मंत्री ने निजी कोष से 50 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
विज्ञापन






नेग्लिजेंसी बोर्ड की रिपोर्ट में साबित नहीं हुई लापरवाही

गांव किरावड़ निवासी राजबाला के परिवाद पर सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर शांडिल्य ने बताया कि विगत बैठक में दिए गए निर्देशानुसार नेग्लिजेंसी बोर्ड से जांच करवा ली गई है। इसमें उपचार के दौरान चिकित्सकों की कोई लापरवाही सामने नहीं आई है। इस पर परिवादी राजबाला ने विकास एवं पंचायत मंत्री से आर्थिक सहायता देने की मांग की, जिस पर बबली ने अपनी तरफ से 50 हजार रुपये देने की घोषणा की।



एक माह में जांच पूरी करने के आदेश

न्यू पटेल नगर बहादुरगढ़ निवासी दलबीर की शिकायत की सुनवाई करते हुए मंत्री ने डाकघर के अधीक्षक को निर्देश दिए कि एक महीने के अंदर जांच पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि एक महीने के अंदर यदि मामले का समाधान नहीं होता है तो संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जाएगी। दलबीर ने आरोप लगाया कि डाक विभाग में नौ से दस करोड़ का यह घोटाला है, इसमें अधिकारियों व कर्मचारियों की भी मिलीभगत है।
विज्ञापन






राशि का हुआ भुगतान तो निपटा विवाद

गांव बड़वा निवासी रामकुमार के परिवाद की सुनवाई पर कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस मामले का निपटारा किया जा चुका है। परिवादी को उसकी राशि मुहैया करवा दी गई है। सिवाड़ा की सरपंच सीमा के परिवाद की सुनवाई पर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने पंचायत मंत्री को बताया कि गांव में कार्यों की टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, शीघ्र ही कार्य शुरू हो जाएंगे। इस दौरान बबली ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के तहत लोगों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल मुहैया करवाना सुनिश्चित करें।







कंपनी के उच्चाधिकारियों के समक्ष रखें मामला

बवानीखेड़ा की भवानी गैस सेवा के परिवाद की सुनवाई पर विकास एवं मंत्री ने निर्देश देते हुए कहा कि गैस एजेंसी संचालक उसके निर्धारित क्षेत्र में गैस आपूर्ति कर सकता है। यदि फिर भी उनको कोई शिकायत है तो अपनी कंपनी के उच्च अधिकारियों के सामने मामला रख सकते हैं।







बच्चे के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले स्कूल संचालक पर कराएं एफआईआर

गांव नाथुवास की मुकेश के परिवाद की सुनवाई पर मंत्री बबली ने जिला शिक्षा अधिकारी नरेश महता को निर्देश दिए कि वे बच्चे के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले स्कूल संचालक के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज करवाएं। दरअसल, गुजरानी में बैंक लोन के चलते स्कूल भवन सील हो गया था। शिक्षा विभाग ने भी मान्यता वापस लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी। वहीं इसमें पढ़ने वाले मुकेश के बेटे को एसएलसी और रिजल्ट नहीं दिया। जबकि विभाग ने प्रोविजनल दाखिला सरकारी स्कूल में करा दिया। इस पर मंत्री ने कहा कि स्कूल संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं और बच्चे को एसएलसी दिलाएं। वहीं इस मामले में शिकायतकर्ता मुकेश बैठक में नहीं पहुंची।





झूठी शिकायत पर पुलिस कार्रवाई के दिए निर्देश

रोहतक निवासी रमेश कुमार के परिवाद की सुनवाई पर विकास एवं पंचायत मंत्री ने अधिकारियों का समय बर्बाद करने पर शिकायतकर्ता के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गांव मतानी निवासी शहीद जयवीर सिंह माता प्यारी देवी के परिवाद की सुनवाई पर मंत्री ने कहा कि शहीद के भाई धर्मबीर के लड़के जोगेंद्र सिंह को नौकरी प्रदान करना सरकार के मानदंड में नहीं आता है।





इन मामलों में भी मंत्री ने दिए निर्देश

बवानीखेड़ा निवासी सज्जन कुमार के परिवाद की सुनवाई पर मंत्री ने शहरी स्थानीय निकाय के अधिकारियों को मामले का एक महीने के अंदर-अंदर समाधान करने के निर्देश दिए। वहीं गांव बागनवाला निवासी अजमेर सिंह के परिवाद की सुनवाई पर संबंधित पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुसाइड नोट से संबंधित रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। छानबीन होने के बाद ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।





सेक्टर में मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा भी बैठक में गूंजा

रामकिशन शर्मा ने सेक्टर 13 व 23 में सड़काें की दशा सुधारने व वृद्धाश्रम का जीर्णोद्घार करवाने व कष्ट निवारण समिति सदस्य रामकिशन हलवासिया ने हालुवास माजरा में पर्याप्त पेयजल प्रबंध का मुद्दा उठाया। कमल फौजी ने हलका बवानीखेड़ा का फसल बीमा की बकाया राशि जारी करवाने व कमलेश भोड़ूका ने सरसों खरीद में आढ़त का बकाया पैसा जारी करवाने का मुद्दा उठाया। वहीं लोहारू गोशाला व सरकारी नागरिक अस्पताल के पास सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, विजय शेखावत ने आईटीआई में पेयजल का स्थायी समाधान करने की मांग की। वहीं सुनील वर्मा नंबरदार ने उनकी गली निर्माण में अनियमितता से बरतने की समस्या रखी। इस पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।





ये अधिकारी रहे बैठक में मौजूद

बैठक में उपायुक्त नरेश नरवाल, अतिरिक्त उपायुक्त अनुपमा अंजलि, पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला, जिला परिषद चेयरपर्सन अनीता मलिक, एएसपी लोगेश, सीईओ जिला परिषद अनुराग ढालिया, एसडीएम भिवानी दीपक बाबू लाल करवा, नगराधीश हरबीर सिंह, एसडीएम तोशाम मनोज दलाल, एसडीएम सिवानी विरेंद्र सिंह, एसडीएम लोहारू अमित कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष शंकर धूपड़ व जेजेपी जिलाध्यक्ष जोगेंद्र बागनवाला मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें