भिवानी खनन शुरू होने के बाद माल ले जाता ट्रक।
तोशाम। ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) की पाबंदी हटते ही शुक्रवार को करीब साढ़े तीन माह से बंद पड़े खानक पहाड़ में खनन कार्य की शुरुआत हो गई है। शुक्रवार को एचएसआईआईडीसी की ओर से पत्थर की लोडिंग भी शुरू कर दी है। खानक में खनन कार्य की शुरुआत होते ही भवन सामग्री छह सौ रुपये से सात सौ प्रति टन मिलनी शुरू हो जाएगी।
इसी माह में दूसरे पहाड़ों में एनजीटी के आदेशों के बाद खनन कार्य की शुरुआत हो गई थी लेकिन खानक पहाड़ में एचएसआईआईडीसी द्वारा खनन कार्य की शुरुआत नहीं की गई थी। अब खानक पहाड़ में खनन कर की शुरुआत से लोगों को रोजगार मिलेगा। वहीं सुनी पड़ी मार्केट में लोगों के कामों में बढ़ोतरी होगी। राजस्थान व दूसरे पहाड़ों के पत्थर से तैयार माल भी नौ सौ रुपये प्रति के भाव से लोगों को भवन सामग्री मिलती थी। खानक में खनन कार्य की शुरुआत से चक्की का क्रशर छह सौ रुपये से 650 रुपये प्रति टन लोगों को मिलना शुरू हो जाएगा। मशीन का क्रशर व रोड़ी 550 रुपये प्रति टन से 6 सौ रुपये प्रति टन मिलना शुरू हो जाएगा।
10 हजार से ज्यादा लोगों को मिलता है रोजगार
खानक पहाड़ से 10 हजार के करीब लोगों को प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से काम मिलता है। तीन महीने से खनन कर बंद होने के कारण लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा था जिसके कारण लोगों का घर खर्च भी नहीं चल रहा था। खानक पहाड़ में चलने वाली गाड़ियों की किस्त भी टूट गई थी। खानक में खनन कार्य शुरूआत होने से लोगों में खुशी का माहौल है।
खनन कार्य की शुरुआत हो गई है। पहले जिस पत्थर की बोली करवाई गई थी उसकी लोडिंग शुरू हो गई है। - संजय मित्तल, प्रोजेक्ट मैनेजर, एचएसआईआईडीसी
खनन कार्य शुरू करवाने के लिए मुख्यमंत्री मनोहरलाल, कृषि मंत्री जेपी दलाल, सुनील शर्मा, जिला परिषद चेयरपर्सन अनीता मलिक के प्रयासों से पहाड़ में खनन कार्य शुरू हुआ है। क्रशर मालिक व अन्य इनका आभार प्रकट करते हैं। खनन शुरू होने से खानक व तोशाम मार्केट में मंदी की मार नहीं रहेगी। लोगों को रोजगार मिलेगा। वहीं भवन सामग्री के भाव भी कम हो जाएंगे। लोगों अच्छे पत्थर से तैयार भवन सामग्री मिलगी। - कृष्ण मलिक, प्रधान, क्रशर एसोसिएशन।