साइकिल रैली निकालते साई केंद्र के खिलाड़ी व प्रशिक्षक।
भिवानी। रविवार को भारतीय खेल प्राधिकरण खेल प्रशिक्षण केंद्र और स्वच्छता सेनानियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम में 5 किलोमीटर की साइकिल रैली निकाली गई। रैली के जरिए नगरवासियों को स्वच्छता बनाए रखने के साथ फिट और तंदुरुस्त रहने का संदेश दिया गया।
स्वच्छ भारत अभियान की थीम पर आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और दैनिक जीवन में स्वस्थ व सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। रैली में प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ 5 किलोमीटर की दूरी तय की।
कार्यक्रम के समापन पर कुश्ती प्रशिक्षक शिक्षा ने सभी प्रतिभागियों, खिलाड़ियों और स्टाफ सदस्यों का आभार जताया। इस दौरान स्वच्छता सेनानी रामअवतार, कृष्ण कुमार, गोपाल, अरुण, जतिन, शनिश, अंकित और इक्षु मौजूद रहे।