भिवानी। हरियाणा विद्यालय विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से डीएलएड प्रवेश वर्ष 2019 व 2020 के छात्र-अध्यापकों को जुलाई में संचालित होने वाली परीक्षा में प्रवेश के लिए मर्सी चांस दिया गया है।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव ने बताया कि जिन छात्र-अध्यापक ने डीएलएड प्रवेश वर्ष 2019 व 2020 में दो वर्षीय कोर्स में दाखिला लिया था और उनका परीक्षा परिणाम प्रथम/द्वितीय, एक विषय/एक से अधिक विषयों में परीक्षा परिणाम अनुत्तीर्ण होने के कारण डिप्लोमा पूर्ण नहीं हुआ है। ऐसे सभी छात्र-अध्यापकों को शिक्षा बोर्ड द्वारा परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए मर्सी चांस दिया गया है।
मर्सी चांस का परीक्षा शुल्क 10,000 रुपये फीस (प्रत्येक वर्ष) सहित 10 जुलाई तक शिक्षा बोर्ड कार्यालय में अपना ऑफलाइन फार्म व फोटो संबंधित संस्था से सत्यापित करवाने उपरांत दस्ती जमा करवाना सुनिश्चित करें। आवेदन फार्म बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध है। यदि आवेदन करने में किसी भी प्रकार की कोई कठिनाई आती है तो ई-मेल आईडी assplexambseh.org.in व दूरभाष नंबर 01664-254305 पर संपर्क कर सकते हैं।
30 जुलाई से संचालित होंगी डीएलएड नियमित, री-अपीयर व मर्सी चांस की परीक्षाएं
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से डीएलएड प्रवेश वर्ष-2022 द्वितीय वर्ष की नियमित एवं प्रवेश वर्ष 2019, 2020, 2021 व 2022 की प्रथम व द्वितीय वर्ष की री-अपीयर व मर्सी चांस की परीक्षाएं 30 जुलाई से कराई जाएंगी। इन परीक्षाओं की तिथि-पत्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर अपलोड कर दिया गया है।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव ने बताया कि डीएलएड प्रवेश वर्ष 2022 द्वितीय वर्ष की नियमित एवं प्रवेश वर्ष 2019, 2020, 2021 व 2022 की प्रथम व द्वितीय वर्ष की री-अपीयर व मर्सी चांस की परीक्षाओं का संचालन 30 जुलाई से 22 अगस्त तक कराया जाएगा। इन परीक्षाओं का समय दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक रहेगा।