भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (सीबीएलयू) की बड़ी लापरवाही सामने आई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छह जून को मीडिया एवं जनसंचार विभाग के तीसरे सेमेस्टर का परिणाम घोषित कर दिया। इसमें पीआर 420306 क्षेत्र परियोजना विषय के परीक्षाफल में विद्यार्थियों को अनुपस्थित दिखा दिया गया। हकीकत में इस विषय में विद्यार्थियों का वाइवा लिया ही नहीं गया।
इससे विवि प्रशासन की लापरवाही से मीडिया एवं जनसंचार विभाग के तीसरे सेमेस्टर के 20 विद्यार्थी प्रभावित हुए हैं। इन विद्यार्थियों ने सीबीएलयू के संबंधित विभाग को शिकायत भी दर्ज करा दी है, लेकिन इस पर विवि प्रशासन की तरफ से कोई कार्यवाही शुरू नहीं की गई। मामला विवि प्रशासन के उच्चाधिकारियों तक पहुंचा तो अब बैठक बुलाई गई है। नोटिस जारी कर जिम्मेदार प्रोफेसर से भी जवाब तलब किया गया है।
दोबारा घोषित होगा परिणाम
विद्यार्थियों की शिकायत के बाद ये मामला विवि के उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आया तो विवि प्रशासन ने बहुत जल्द इसका समाधान निकालने की बात कही है। कुछ दिनों में ही विद्यार्थियों के परिणाम दोबारा घोषित किए जाएंगे। मीडिया एवं जनसंचार विभाग की कोऑर्डिनेटर उमा कुमारी शाह का कहना है कि विद्यार्थियों का वाइवा जल्द लेकर परीक्षाफल दोबारा घोषित होगा।
कम अंक आए, समय बर्बाद हुआ सो अलग
विभाग और विश्वविद्यालय प्रशासन में तालमेल की कमी के कारण उनके वाइवा के नंबर नहीं जुड़ सके। इससे उनके नंबर कम आए। अब विश्वविद्यालय प्रशासन भूल सुधार कर दोबारा अंकपत्र और परिणाम जारी करेगा। इससे रिजल्ट आने में विलंब होगा।
हम अधिक दिन तक इंतजार नहीं कर सकते। मीडिया एवं जनसंचार विभाग वालों ने वाइवा की जानकारी मुझे नहीं दी है। मेरा काम परिणाम घोषित करना है। इसलिए हमने विद्यार्थियों का परिणाम घोषित कर दिया। - डॉ. पवन गुप्ता, परीक्षा नियंत्रक, सीबीएलयू, भिवानी।
मीडिया एवं जनसंचार संकाय के तीसरे सेमेस्टर का जो परिणाम घोषित किया गया है उसमें बहुत जल्द बदलाव किया जाएगा। विद्यार्थियों का वाइवा कुछ दिनों में करवाया जाएगा। -डॉ. उमा कुमारी शाह, कोऑर्डिनेटर, मीडिया एवं जनसंचार विभाग