विधायक घनश्याम दास सर्राफ को मांग पत्र सौंपते शिक्षक एसोसिएशन के सदस्य।
भिवानी। सरकार की ओर से बनाई गई तबादला नीति के विरोध में सभी एकल शिक्षक पुराना बस स्टैंड स्थित ठा. बीर सिंह पार्क में एकत्रित हुए। उन्होंने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए विधायक घनश्याम दास सर्राफ के निवास स्थान पर पहुंचे।
उन्होंने अपना मांग पत्र सौंप कर विधायक के माध्यम से सरकार से न्याय की गुहार लगाई। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए राजपाल बामला व अन्य अध्यापकों ने संयुक्त रूप से बताया कि सरकार की तबादला नीति में महिला कर्मचारी व कपल केस के मामले में पुरुष कर्मचारी को भी अतिरिक्त अंक दिए गए हैं। लेकिन एकल शिक्षक को किसी भी प्रकार से अतिरिक्त अंक नहीं दिए।
एकल शिक्षक की आर्थिक स्थिति कमजोर होती है। पारिवारिक जिम्मेदारियां भी ज्यादा होती हैं। इस समय विभाग की ओर से नवंबर माह में किए गए प्रमोशन की वजह से एकल शिक्षक को लगभग 150 से 200 किलोमीटर की दूरी पर जाना पड़ रहा है। इस वजह से अकेले टीजीटी हिंदी विषय के 703 प्रमोशन में से 100 से अधिक एकल शिक्षकों ने अपना प्रमोशन नहीं लिया।
एकल शिक्षकों ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि शीघ्र से शीघ्र तबादला नीति में बदलाव करते हुए एकल शिक्षकों को अतिरिक्त 10 अंक प्रदान किए जाएं अन्यथा वे जन आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। जिसकी जिम्मेवारी प्रदेश सरकार की होगी। इस अवसर पर अनेक एकल शिक्षक उपस्थित रहे।