ढिगावामंडी। गांव पहाड़ी स्थित पहाड़ी माता मंदिर के आभूषण प्रकरण की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। जांच एजेंसियों ने अब वर्ष 2022 से जुड़े रिकॉर्ड, मंदिर में चढ़ाए गए आभूषणों के निस्तारण की प्रक्रिया, उनके लेन-देन तथा संबंधित दस्तावेजों को भी जांच के दायरे में लिया है।
मामले में गिरफ्तार पूर्व सुपरवाइजर आशीष कुमार फिलहाल 14 दिन की न्यायिक हिरासत में है। 30 जून को अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) भिवानी की अध्यक्षता में हुई बैठक में मामला उठने के बाद जांच एजेंसियों ने उपलब्ध अभिलेखों की जांच तेज कर दी है। पुलिस और प्रशासन आभूषणों से संबंधित बिल, टैक्स रिकॉर्ड तथा अन्य दस्तावेजों का परीक्षण कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान वर्ष 2022 में मंदिर में चढ़ाए गए सोने-चांदी के आभूषणों के निस्तारण की पूरी प्रक्रिया और उससे जुड़े रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि उस समय अपनाई गई प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुरूप थी या नहीं।
जांच के क्रम में भिवानी के हालू बाजार स्थित दो ज्वेलर्स प्रतिष्ठानों से संबंधित दस्तावेज और बिल भी जांच के लिए लिए गए हैं। अधिकारियों द्वारा इन अभिलेखों का परीक्षण किया जा रहा है। हालांकि प्रशासन या पुलिस की ओर से अभी तक किसी व्यक्ति, फर्म अथवा संस्था की भूमिका को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष जारी नहीं किया गया है।
लोहारू थाना पुलिस के अनुसार पूर्व सुपरवाइजर के तीन दिन के पुलिस रिमांड के दौरान चांदी के कई बर्तन, मंदिर से संबंधित सामग्री तथा करीब ढाई लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे। पुलिस का कहना है कि मामले में आभूषणों के बिल, टैक्स रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।