भिवानी। सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिले में 20 जून तक व्यापक जन जागरण एवं जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान पौधरोपण, स्वच्छता अभियान, जनकल्याण शिविर, रोजगार मेले, पशु व कृषि प्रबंधन, प्रदर्शनी और प्रगति यात्राएं आयोजित होंगी।
डीसी साहिल गुप्ता लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों बारे आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे रहे थे। डीसी गुप्ता ने कहा कि अभियान के दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि अभियान का अधिकतम लाभ लोगों तक पहुंच सके।
डीसी ने महा अभियान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस दौरान जिलेभर में व्यापक वृक्षरोपण अभियान चलाया जाएगा। इसमें मंत्रीगण, सांसद, विधायक तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति, आमजन भाग लेंगे। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और जनभागीदारी के माध्यम से हरित क्षेत्र का विस्तार करना है। विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत प्रगति पथ यात्राएं और प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 15 जून को जिले में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन के दौरान शपथ ग्रहण समारोह भी होगा, जिसमें अधिकारियों को विकसित भारत निर्माण और जनसेवा के प्रति समर्पण की शपथ दिलाई जाएगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रहेगी। उन्होंने बताया कि 16 से 18 जून से प्रत्येक ब्लॉक में जनकल्याण शिविर आयोजित कर आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्य घर, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी आदि योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया भी करवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी के दौरान रचनात्मक गतिविधियां जैसे चित्रकला प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग, वीडियो रिकॉर्डिंग, लाभार्थियों के अनुभव सांझा करेंगे। इसके अलावा पशु पालकों व किसानों की यात्राएं और प्राकृतिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों, पशुधन प्रबंधन, पशु स्वास्थ्य और टीकाकरण संबंधी जानकारी दी जाएगी। युवाओं के लिए रोजगार मेलों के आयोजन के माध्यम से रोजगार देने के साथ-साथ रोजगारपरक शिक्षा, कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 20 जून तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। गांवों और शहरों में सफाई अभियान के साथ नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था में सुधार तथा अवरुद्ध नालों को दुरुस्त करने का कार्य किया जाएगा।
बैठक में एडीसी दीपक बाबूलाल करवा, सीटीएम अनिल कुमार, डीएमसी हरबीर सिंह, उप सीईओ रविन्द्र दलाल, डीडीपीओ सोमबीर कादियान, सीएमओ रघुवीर शांडिल्य, डीडीए एग्रीकल्चर, डीडीए डॉ. विनोद फोगाट मौजूद रहे।