ढिगावामंडी (भिवानी)। ढाणी लक्ष्मण के निजी स्कूल की शिक्षिका मनीषा की मौत के मामले में नया घटनाक्रम सामने आया है। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने सोमवार को मनीषा के पिता संजय को मोबाइल पर कॉल कर बताया कि इस मामले में 9 या 10 जुलाई को सीबीआई अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक प्रस्तावित है।
उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि सीबीआई की ओर से की गई कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट परिजनों के साथ साझा की जाएगी। मनीषा की मौत को लेकर पिछले करीब 10 महीनों से परिजन सरकार से सीबीआई की जांच रिपोर्ट साझा करने की मांग कर रहे हैं। परिजन अपनी बेटी की संदिग्ध मौत के मामले में सीबीआई जांच से खुलासे का इंतजार कर रहे हैं।
न्याय नहीं मिलने से नाराज मनीषा के पिता संजय ने 29 जून को उपायुक्त कार्यालय के सामने अनशन पर बैठने का निर्णय लिया था। 29 जून को जब परिजन अनशन के लिए रवाना हुए तो पुलिस ने उन्हें कुडलबास में ही रोक दिया था। इसके तुरंत बाद पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने स्वयं इस मामले में हस्तक्षेप किया। सोमवार 6 जुलाई को उन्होंने मनीषा के पिता से फोन पर बातचीत कर आगामी 9 या 10 जुलाई को सीबीआई अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक होने की जानकारी दी। भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष मेवा सिंह आर्य ने कहा कि अब उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। वहीं क्षेत्र के लोग भी 9 और 10 जुलाई को प्रस्तावित बैठक के नतीजे का इंतजार कर रहे हैं।
बता देें िक शिक्षिका मनीषा के मौत मामले को पहले पुलिस ने हत्या का मामला बताया था इसके बाद आत्महत्या की बात कही गई। मनीषा के शव का तीन बार पोस्टमार्टम करवाया गया था। इसके बाद मामले की जांच प्रदेेश सरकार ने सीबीआई को सौंप दी थी। लेकिन अभी तक मामले का खुलासा नहीं हुआ है जिस पर परिजन और ग्रामीण धरना देकर रोष भी जता चुके हैं।