बहल में आयोजित नॉर्थ जोन हैंडबॉल महिला चैंपियनशिप खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेतीं खिलाड़ी।
बहल (भिवानी)। बीआरसीएम संस्थान विद्याग्राम में आयोजित नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला हैंडबाल चैंपियनशिप के दूसरे दिन चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ ने महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली को 11 अंक से हराया। वहीं महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी को नौ अंक से शिकस्त दी।
चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय एवं एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआईयू) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता में दूसरे दिन कई विश्वविद्यालयों की टीमों के बीच मुकाबले हुए। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय ने पीआरएस विश्वविद्यालय को 10 अंक से पराजित किया।
वहीं, मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय सहारनपुर और सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा के बीच निर्धारित मुकाबले में वॉकओवर मिलने पर सहारनपुर की टीम विजेता रही। आयोजन सचिव एवं डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. सुरेश कुमार मलिक के संयोजन में आयोजित प्रतियोगिता में दूसरे दिन एआईयू ऑब्जर्वर डॉ. हरीश कुमार, जिला खेल अधिकारी सतपाल सिंह ढांडा, पूर्व जिला खेल अधिकारी सतबीर सिंह, सीमा सुरक्षा बल के मुख्य प्रशिक्षक सन्निबुद्धि राजा और बहल थाना प्रभारी उग्रसेन ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
चयनित टीमें करेंगी नॉर्थ जोन का प्रतिनिधित्व
डॉ. सुरेश कुमार मलिक ने बताया कि प्रतियोगिता में चयनित टीमें ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप में नॉर्थ जोन का प्रतिनिधित्व करेंगी। सभी मुकाबले निष्पक्ष, पारदर्शी और अनुशासित तरीके से कराए जा रहे हैं। खिलाड़ियों में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह है और सभी टीमें बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं।
22 विश्वविद्यालयों की 300 खिलाड़ी दिखा रहीं दमखम
बीआरसीएम परिसर में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की इस चैंपियनशिप में देश के विभिन्न राज्यों के करीब 22 विश्वविद्यालयों की 300 महिला खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच शानदार खेल भावना और प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है।