भिवानी। जिला नागरिक अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में आने वाले मरीजों को दवा वितरण के लिए प्रशिक्षुओं पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
अस्पताल में फार्मासिस्टों की कमी के चलते दवा काउंटरों पर सुबह से शाम तक प्रशिक्षु ही वितरण करते नजर आते हैं। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार नागरिक अस्पताल में फार्मासिस्टों के 16 पद स्वीकृत हैं जिनमें से नौ भरे हुए हैं और सात रिक्त हैं।
वहीं नौ पंजीकृत फार्मासिस्टों में से अधिकांश दवा भंडारण और अन्य कार्यों में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में दवा वितरण की जिम्मेदारी काफी हद तक प्रशिक्षुओं को संभालनी पड़ती है। अस्पताल में रोजाना औसतन 1500 से अधिक मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं जिन्हें चिकित्सकीय परामर्श के बाद दवाओं के लिए काउंटर पर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। प्रशिक्षुओं को दवा वितरण करने में लगता है समय : स्थानीय निवासी रविंद्र, मोहित और रामनिवास ने बताया कि प्रशिक्षुओं की ओर से दवाओं का वितरण किए जाने के कारण मरीजों को अधिक समय तक इंतजार करना पड़ता है। इससे काउंटरों पर भीड़ जमा हो जाती है। साथ ही प्रशिक्षुओं से गलत दवा मिलने की आशंका भी बनी रहती है।
अस्पताल प्रभारी डॉ. बलवान सिंह ने बताया कि प्रत्येक दवा वितरण केंद्र पर एक फार्मासिस्ट की मौजूदगी सुनिश्चित की जाती है। फार्मेसी के प्रशिक्षु सीखने के उद्देश्य से अस्पताल आते हैं। रिक्त पदों को भरने के लिए विभाग को मांग पत्र भेजा हुआ है।